सीहोर। बाल कल्याण समिति, सीहोर द्वारा रेलवे पुलिस फोर्स (आरपीएफ) एवं विदिशा सोशल वेलफेयर सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में सीहोर रेलवे स्टेशन पर आज बाल तस्करी, बाल श्रम एवं बाल भिक्षावृत्ति के प्रति जागरूकता हेतु एक विशेष अभियान चलाया गया।
इस अभियान का उद्देश्य यात्रियों एवं आम नागरिकों को यह जानकारी देना था कि कैसे वे बाल अधिकारों के संरक्षण में सहयोग कर सकते हैं तथा इन सामाजिक अपराधों की रोकथाम में अपनी सक्रिय भूमिका निभा सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान यात्रियों को बताया गया कि यदि कोई बच्चा उन्हें विपरीत परिस्थितियों में, असहाय या संदिग्ध स्थिति में दिखाई दे, तो तत्काल चाइल्डलाइन नंबर 1098 पर कॉल कर जानकारी दें। यह नंबर 24&7 सक्रिय है और किसी भी संकटग्रस्त बच्चे को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने हेतु कार्यरत है।
इस अवसर पर आरपीएफ सीहोर के थाना प्रभारी श्री देवेश गोलानी, बाल कल्याण समिति के जिला सदस्य श्री तिलक दास बैरागी, रवि राठौर, स्वाति श्रीवास्तव, एवं विदिशा सोशल वेलफेयर सोसाइटी के जिला प्रभारी श्री सुमित गौर सहित अन्य आरपीएफ अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने बताया कि आमजन निम्नलिखित तरीकों से सहयोग कर सकते हैं। किसी भी संदिग्ध बाल तस्करी या बाल श्रम की सूचना तुरंत चाइल्डलाइन या पुलिस को दें। रेलवे स्टेशनों, बस स्टैंड, सार्वजनिक स्थानों पर बच्चों की स्थिति पर सतर्क निगरानी रखें। बच्चों को शिक्षा, संरक्षण और स्वास्थ्य से जोडऩे के प्रयास करें। समाज में जागरूकता बढ़ाने हेतु स्वयंसेवी संगठनों से जुड़ें। यह अभियान न केवल बच्चों के अधिकारों की सुरक्षा में सहायक सिद्ध होगा, बल्कि समाज को भी बाल अपराधों के प्रति संवेदनशील बनाएगा।








