जगह जगह लगा है गंदगी का अंबार फिर भी उच्च रैंकिंग मिलना समझ से परे – पंकज शर्मा
सीहोर। स्वच्छ सर्वेक्षण अभियान 2025 में सीहोर नगरपालिका को प्रदेश में प्रथम और देश में द्वितीय स्थान मिलने पर जश्न मनाया जा रहा है, जिसे लेकर जिला कांग्रेस के पूर्व महासचिव पंकज शर्मा ने सीहोर नपा पर करारा निशाना साधा है। उन्होंने कहा है कि सीहोर नगर में जगह-जगह कूड़े-कचरे के ढेर लगे हुए हैं, नालियों की सफाई नहीं हो पा रही है, खुली नालियों के कारण मच्छर- मक्खी पनप रहे हैं, जिनसे कई बीमारियां फैल रही हैं और सार्वजनिक शौचालयों की दुर्दशा से सभी वाकिफ हैं लेकिन फिर भी सीहोर नपा द्वारा स्वच्छता रैंकिंग में अव्वल स्थान पर रहना समझ से परे है और ये इस रैंकिंग प्रणाली की विश्वसनीयता पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है। पंकज शर्मा ने कहा कि सीहोर नगरपालिका कार्यालय के मुख्य गेट के पास ही इतनी अधिक गंदगी है कि उसे देखकर ही पूरे नगर की स्थिति को समझा जा सकता है, वहां स्वयं नगरपालिका के कर्मचारी ही पान, गुटखा, तंबाकू खाकर थूकते हैं और नपा के स्वच्छता अभियान को पलीता लगाते हैं। यही नहीं नगरपालिका की कचरा गाड़ी भी दो से तीन दिन में कचरा संग्रहित करने आती है, जिससे घरों में कचरा इकट्ठा होता रहता है तथा प्रतिदिन जलप्रदाय ना होने से भी घरों की सफाई नहीं हो पाती और घरों में पसरी गंदगी तथा बदबू से स्थिति बिगड़ती है। पंकज शर्मा ने सीहोर नपा से झूठी वाहवाही ना लूटने और स्वच्छता की दिशा में कुछ ठोस तथा सार्थक प्रयास करने को कहा है, जिससे सीहोर नगर वाकई में स्वच्छ हो सके तथा पूरे देश में सीहोर नगर का नाम रोशन हो सके।








