सभी व्यवस्थाएं सात दिन में ठीक कराए जाने का दिया अल्टीमेटम
सीहोर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद एक राष्ट्रवादी छात्र संगठन है, जो विद्यार्थियों के अधिकारों एवं समस्याओं के समाधान हेतु सतत रूप से सक्रिय रहता है। इसी क्रम में अभाविप ने नगर मंत्री खुशहाल मोटवानी के नेतृत्व में डॉक्टर अम्बेडकर महिला आईटीआई में छात्राओं को होने वाली परेशानियों तथा असुविधाओं को ठीक कराए जाने की मांग को लेकर आईटीआई प्राचार्य को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से अभाविप ने छात्रावास के बाथरूम की अत्यंत खराब स्थिति और दरवाजे ना होने, आईटीआई का मुख्य गेट प्रायः बंद रहने और गेट पर गार्ड की तैनाती नहीं होने, छात्रावास में निवासरत विद्यार्थियों को मेस में गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित मेन्यू के अनुसार भोजन उपलब्ध ना कराए जाने, आईटीआई परिसर एवं छात्रावास में नियमित सफाई नहीं होने से गंदगी पसरी होने, शौचालयों की सफाई समय पर नहीं होने से मच्छर-मक्खी आदि पनपने से विद्यार्थियों का स्वास्थ्य खराब होने, यहां स्थित गार्डन की नियमित सफाई न होने से विषैले जीव-जंतुओं का खतरा बने रहने, जिस महापुरुष के नाम पर यह महाविद्यालय स्थापित है, उनकी प्रतिमा महाविद्यालय परिसर में स्थापित किए जाने तथा महाविद्यालय में शिक्षकों की कमी को शीघ्र दूर किए जाने की मांग आईटीआई प्राचार्य से की। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के नगर मंत्री खुशहाल मोटवानी ने उपरोक्त सभी समस्याओं का निराकरण 7 दिवस के भीतर सुनिश्चित किए जाने की मांग आईटीआई प्राचार्य से की है, तत्पश्चात अभाविप उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी आईटीआई प्राचार्य एवं इसके प्रबंधन की होगी।








