इंदौर(ए)। मध्य प्रदेश के इंदौर में आवारा कुत्तों के आतंक की एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां श्रीनगर एक्सटेंशन इलाके में परीक्षा देने जा रही एक छात्रा पर चार कुत्तों के झुंड ने जानलेवा हमला कर दिया। कुत्तों ने छात्रा को जमीन पर गिराकर बुरी तरह नोच डाला, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। यह पूरी घटना पास में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। जानकारी के अनुसार, छात्रा जब परीक्षा के लिए जा रही थी, तभी अचानक चार कुत्तों ने उस पर हमला बोल दिया। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि कुत्ते छात्रा पर टूट पड़ते हैं और उसे नीचे गिरा देते हैं। इसी बीच, गनीमत रही कि छात्रा की दोस्त मौके पर पहुंच गई। उसने हिम्मत दिखाकर कुत्तों को भगाया और दोबारा हमला करने से रोका। इसके बाद वह घायल छात्रा को तुरंत अस्पताल लेकर गई, जहां उसका इलाज चल रहा है।
घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस इस बात का पता लगा रही है कि हमला करने वाले कुत्ते आवारा थे या किसी के पालतू। फुटेज के आधार पर कुत्तों की पहचान करने और क्षेत्र में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए कार्रवाई की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर शहर में आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या और नागरिकों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।








