प्यार की रूह कंपाने वाली सजा, जोड़े को बनाया ‘बैल’और बरसाए कोड़े

Join Us

नई दिल्ली(आरएनएस)। ओडिशा के रायगढ़ा जिले में लव मैरिज करने वाले एक जोड़े को भयानक सजा दी गई है। दोनों को बैल बनाया गया और खेत जुतवाया गया। सिर्फ ये ही नहीं दोनों पर कोड़े भी बरसाए गए। इसकी वीडियो सोशल मीडिया पर भी काफी वायरल हो रही है।गांव के बुजुर्गों और समुदाय के सदस्यों की मौजूदगी में जोड़े को सार्वजनिक रूप से अपमानित करते हुए दिखाया गया है। वीडियो में, युवक और युवती को प्यार में पडऩे के कथित ‘अपराध’ की सज़ा के तौर पर कंधे पर लकड़ी का हल लिए बैलों की तरह जोता हुआ दिखाया जा रहा है। गांव के देवता के सामने अनुष्ठान करने के बाद, बुजुर्गों ने कथित तौर पर जोड़े को कोड़े मारे। फिर दोनों को गांव से बाहर निकाल दिया गया। वे फिलहाल कहां रह रहे इसकी जानकारी नहीं है। रिपोर्ट के मुताबिक जोड़े की पहचान लक सारका और कोडिया सारका के रूप में हुई है। दोनों का आपस में मौसी (स्थानीय रूप से पिउसी नानी) और भतीजे होने के बावजूद रिश्ते में था। ओडिशा के कई हिस्सों में प्रचलित आदिवासी रीति-रिवाजों के अनुसार, एक ही गोत्र में शादी सख्त वर्जित है क्योंकि ऐसे रिश्तों को भाई-बहन या करीबी रक्त संबंधियों के बीच के रिश्ते के बराबर माना जाता है। एक ग्रामीण श्यामधर मिनियाका ने कहा, हमारी आदिवासी परंपरा के अनुसार, एक ही गोत्र के लोगों को भाई-बहन या मौसी-भतीजा माना जाता है। उनके बीच विवाह एक गंभीर उल्लंघन है। सूत्रों ने बताया कि इस रिश्ते के उजागर होने के बाद, गांव के बुजुर्गों ने एक पारंपरिक परिषद की बैठक बुलाई और सज़ा सुनाई। यह तथाकथित ‘न्याय’ गांव की जनता के सामने किया गया।
00

Previous articleतेजी से पिघल रहा शिवलिंग, कई तीर्थयात्री नहीं कर सकेंगे बाबा के दर्शन
Next article14 को शुभांशु शुक्ला अंतरिक्ष से करेंगे वापसी, नासा करेगा सीधा प्रसारण