जब अंपायर पर बरसे ‘कप्तान’ गिल! गेंद बदलने पर मचा घमासान, गरमाया लॉड्र्स का माहौल

Join Us

लंदन (आरएनएस) । भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही टेस्ट सीरीज के तीसरे मैच में एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। लॉड्र्स टेस्ट के दूसरे दिन शुक्रवार को गेंद बदलने को लेकर भारतीय कप्तान शुभमन गिल और अंपायर के बीच तीखी बहस हो गई। कप्तान गिल इतने नाराज हुए कि उन्होंने अंपायर के हाथ से गेंद तक छीन ली। इस विवाद में तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज भी शामिल थे और उन्होंने भी अंपायर के फैसले पर कड़ी आपत्ति जताई।यह पूरा बवाल मैच के दूसरे दिन इंग्लैंड की पारी के 91वें ओवर में हुआ। हुआ यूं कि मोहम्मद सिराज ने गेंद का आकार बदलने की शिकायत अंपायर सैकत शरफुद्दौला से की। भारत ने यह नई गेंद महज 10.3 ओवर पहले ही ली थी। अंपायर ने जांच में गेंद का शेप बदला हुआ पाया और उसे बदलने का फैसला किया।जब अंपायरों ने बॉक्स में से एक दूसरी गेंद चुनकर भारतीय टीम को दी, तो कप्तान गिल ने तुरंत इस पर आपत्ति जताई। गिल का तर्क था कि यह गेंद कहीं से भी 10-11 ओवर पुरानी नहीं लग रही थी, जबकि नियम के अनुसार, बदली जाने वाली गेंद की स्थिति लगभग पुरानी गेंद जैसी ही होनी चाहिए।अंपायर शरफुद्दौला ने गिल की दलील को खारिज कर दिया, जिससे भारतीय कप्तान भडक़ गए। उन्होंने गुस्से में अंपायर के हाथ से गेंद छीनी और उनसे बहस करने लगे। इसके बाद मोहम्मद सिराज और आकाश दीप ने भी गेंद की स्थिति पर सवाल उठाए। सिराज भी अंपायर के पास पहुंचे और कहा कि यह गेंद कहीं से भी 10 ओवर पुरानी नहीं लग रही है, लेकिन अंपायर ने उन्हें गेंदबाजी के लिए वापस जाने को कह दिया। इस दौरान कमेंट्री कर रहे पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर ने भी टीम इंडिया का समर्थन किया। गावस्कर ने साफ कहा कि जो गेंद भारतीय टीम को दी गई, वह 10 नहीं बल्कि 20 ओवर पुरानी लग रही थी क्योंकि उसमें वैसी चमक नहीं थी, जो पिछली गेंद में थी। वहीं, चेतेश्वर पुजारा ने भी इस बात पर गौर किया कि नई गेंद आने के बाद से भारतीय गेंदबाजों को पहले जैसी स्विंग मिलनी बंद हो गई थी। इस घटना ने एक बार फिर सीरीज में इस्तेमाल हो रही ड्यूक्स गेंदों की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Previous articleसंसद परिसर में ड्रोन दुर्घटनाग्रस्त मामले में अब तक पांच गिरफ्तार
Next articleसूर्यकुमार यादव ने किया खुलासा, अगर टेनिस खेलते तो किसे चुनते अपना डबल्स पार्टनर