नई दिल्ली ,(आरएनएस)। दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार को तेज बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। बुधवार को खराब मौसम के कारण 6 फ्लाइटों को डायवर्ट करना पड़ा, जिनमें से 4 जयपुर और 2 लखनऊ भेजी गईं। कुछ उड़ानों के मार्ग बदले गए, जबकि कई में देरी दर्ज की गई।
बारिश के चलते दिल्ली की कई सडक़ों पर जलभराव हो गया, जिससे घंटों तक ट्रैफिक जाम लगा रहा। गुरुग्राम की हालत सबसे खराब रही, जहां सडक़ों पर बाढ़ जैसे हालात बन गए। कई जगह गाडिय़ां पानी में फंसी रहीं और राहगीरों की कमर तक पानी पहुंच गया। गुरुग्राम में बुधवार शाम 90 मिनट के भीतर 103 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि बीते 12 घंटे में यह आंकड़ा 133 मिमी तक पहुंच गया। हालात को देखते हुए जिला प्रशासन ने एडवाइजरी जारी कर सभी कॉर्पोरेट कार्यालयों और निजी संस्थानों से वर्क फ्रॉम होम की व्यवस्था लागू करने को कहा है।मध्यप्रदेश के जबलपुर, रीवा, शहडोल और सागर समेत कई जिलों में भारी बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। नरसिंहपुर में बुधवार को नदी में बहने से तीन बच्चों की मौत हो गई। हरियाणा के कैथल जिले में तालाब में नहाने गए तीन बच्चों की डूबने से मौत हो गई। उधर, महाराष्ट्र के नागपुर में तेज बारिश के कारण 71 गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क टूट गया है। बोरगांव में एक 35 वर्षीय युवक उफनते नाले में बह गया, जबकि उप्पलवाड़ी में 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हालात को देखते हुए नागपुर जिले के सभी स्कूल 9 जुलाई तक बंद रखने के आदेश दिए गए हैं।
00








