अबोहर (आरएनएस)। पंजाब में अबोहर के भगत सिंह चौंक पर उस समय हडक़ंप मच गया, जब न्यू वेयर वेल एंपोरियम के संचालक संजय वर्मा पर कुछ हमलावरों ने फायरिंग करनी शुरू कर दी। जिसके बाद उन्हें सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।सोशल मीडिया पर हमले की सीसीटीवी फुटेज भी वायरल हो रही है। घटना के समय संजय वर्मा अपनी कार से उतरकर अपने शोरूम के अंदर जाने वाले थे। तभी हमलावरों ने अचानक उन पर फायरिंग शुरू कर दी। गोलियां लगने से संजय वर्मा लहूलुहान होकर गिर पड़े और हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद मौके पर अबोहर पुलिस पहुंची, वहीं एसपीडी बलकार सिंह ने भी घटनास्थल का दौरा कर मामले की जांच शुरू कर दी है। हमलावरों की तलाश जारी है।








