भोपाल(ए)। राजधानी के राजा भोज एयरपोर्ट को एक बार फिर से बम से उड़ाने की धमकी मिली है। अज्ञात आरोपी ने मेल भेजकर धमकी दी है कि एयरपोर्ट परिसर में बस विस्फोटक रखा हुआ है। मेल आते ही हडक़ंप मच गया और तुंरत ही बम स्क्वॉड को बुलाकर जांच शुरू कर दी गई। इसके अलावा एयरपोर्ट की सुरक्षा को और कड़ा कर दिया गया है। वहीं गांधी नगर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार राजा भोज एयरपोर्ट डायरेक्टर को एक धमकी भरा ईमेल मिला, जिसमें लिखा हुआ है कि एयरपोर्ट परिसर में विस्फोटक रखा हुआ है। एयरपोर्ट को बम की धमकी मिलने के बाद इसकी सूचना हवाई अड्डा प्रबंधन ने गांधीनगर पुलिस को दी । पुलिस मेल की जानकारी के बारे में पता लगाने की कोशिश कर रही है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। एयरपोर्ट पर तैनात सीआईएसएफ गहन तलाशी कर रही है. वहीं बम स्क्वॉड टीम को सूचना दी गई, इसके बाद परिसर में विस्फोटक सामग्री की तलाशी की गई। गौरतलब है कि भोपाल एयरपोर्ट को 29 जून को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। उस समय भी ईमेल करके विस्फोटक छिपाने की बात कही गई थी, ईमेल में लिखा था कि एयरपोर्ट जल्दी खाली करो, वरना अंदर के लोग मारे जाएंगे और उनके हाथ-पैर उड़ जाएंगे या सिर कट जाएगा।








