मुंबई,(ए)। महाराष्ट्र में मराठी भाषा के नाम पर हिंसा और जबरदस्ती के बढ़ते मामलों को लेकर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मराठी भाषा का सम्मान जरूरी है, लेकिन इसके नाम पर गुंडागर्दी और मारपीट को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।दरअसल, हाल ही में मीरा रोड स्थित जोधपुर स्वीट शॉप के 48 वर्षीय मालिक के साथ महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के कार्यकर्ताओं ने मारपीट की थी। वायरल वीडियो में मनसे कार्यकर्ता दुकानदार को थप्पड़ मारते हुए नजर आए थे। मनसे के कार्यकर्ताओं का आरोप था कि दुकानदार मराठी में बात नहीं कर रहा था और उसने भाषा का अपमान किया। इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा, कि मराठी का गौरव हमारा अभिमान है, लेकिन गुंडागर्दी और कानून तोडऩे की इजाजत किसी को नहीं दी जाएगी। जो भी इस तरह की हरकत करेगा, उस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि महाराष्ट्र में सभी भाषाएं और सभी नागरिकों को समान सम्मान मिलना चाहिए।








