भोपाल (ए)। मध्यप्रदेश भाजपा संगठन में लंबे समय से चल रही प्रदेशाध्यक्ष की तलाश अब खत्म हो गई है। बैतूल विधायक हेमंत विजय खंडेलवाल भाजपा के निर्विरोध नए अध्यक्ष चुन लिए गए हैं। नामांकन प्रक्रिया के दौरान प्रदेश संगठन मंत्री हितानंद शर्मा ने सीएम डॉ. मोहन यादव को इशारा किया और सीएम खंडेलवाल को मंच पर ले गए। सीएम डॉ. मोहन यादव उनके प्रस्तावक बने।
खंडेलवाल पहली पंक्ति में मंत्री वीरेंद्र खटीक और गोपाल भार्गव के बीच में बैठे थे। सीएम मोहन यादव इशारा मिलते ही उनको पीठ पर हाथ रखकर मंच की ओर बडे। धर्मेंद्र प्रधान, विवेक शेजवलकर और सरोज पांडे के सामने उन्होंने नामांकन दाखिल कराया। उनके अलावा किसी अन्य नेता ने नामांकन नहीं किया। ऐसे में उनका निर्विरोध प्रदेशाध्यक्ष बनना तय है। बुधवार को उनके नाम की औपचारिक घोषणा बाकी है।
भाजपा कार्यालय के सभागार में चुनाव अधिकारी और चुनाव प्रभारी के साथ ही पर्यवेक्षक सरोज पाण्डे, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, ज्योतिरादित्य सिंधिया भी मौजूद हैं।








