भोपाल (ए.)।मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी अशोकनगर में प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के खिलाफ 26 जून 2025 को दर्ज फर्जी एफआईआर की कड़े शब्दों में निंदा करती है। यह एफआईआर न केवल बीजेपी की तानाशाही और विपक्ष को कुचलने की साजिश को उजागर करती है, बल्कि पीडि़तों की आवाज को दबाने और सच्चाई को झूठ के नीचे दफन करने की उनकी घिनौनी रणनीति का जीता-जागता सबूत है। बीजेपी और मोहन यादव सरकार का यह कृत्य लोकतंत्र पर काला धब्बा है, जिसे मध्यप्रदेश की जनता कभी माफ नहीं करेगी। जीतू पटवारी ने कहा है कि एफआईआर करके सरकार सर्टिफिकेट दे रही है कि मैं अच्छा काम कर रहा हूं। अगर एफआईआर करके जेल भेजकर न्याय देती है तो मैं जेल जाने को तैयार हूं। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर जिसके साथ घटना हुई उससे बात कर वीडियो अपलोड किया है और यह अभी भी अपलोड है, उसे हटाया नहीं है। कलेक्टर से भी इस मामले में बात की थी और उन्होंने स्वीकार किया था।








