फल्गु नदी का अचानक बढ़ा जलस्तर, 12 लोगों को बचाया गया

Join Us

गया (ए.)। फल्गु नदी के जलस्तर को रुक-रुक कर हो रही बारिश ने अचानक बढ़ा दिया, जिसके कारण नदी खतरे के निशान से ऊपर बहने लगी। गुरुवार को इस घटना ने लगभग 10 से 12 लोगों को संकट में डाल दिया। स्थानीय लोगों और एसडीआरएफ की टीम ने पानी में फंसे लोगों को बचाया। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के फल्गु नदी के पूर्वी तट पर सिक्स लेन पुल के नीचे पाया के समीप रात में सो रहे यह लोग अचानक आए पानी के बीच फंस गए थे। पानी के तेज बहाव के कारण लोग चिल्लाने लगे, जिसकी आवाज सुनकर आसपास के स्थानीय लोग तुरंत मौके पर जुट गए। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए फंसे हुए लोगों को बचाने का प्रयास शुरू कर दिया। बाढ़ में फंसे कई लोगों को पुल के ऊपर से रस्सी फेंककर सुरक्षित निकाला गया। इस दौरान फंसे लोगों के कुछ जानवरों को भी बचाया गया और कुछ नदी में बह गए। इसकी सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची और राहत कार्य में जुट गई। एसडीआरएफ ने नदी के बीच फंसे बाकी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। स्थानीय युवक संतोष कुमार ने बताया कि रात में अचानक सूचना मिली कि कुछ खानाबदोश लोग, जो एक स्थान से दूसरे स्थान पर जाते रहते हैं, पुल के नीचे पिलर के पास सो रहे थे। पानी के अचानक बढऩे से वे लोग फंस गए। संतोष ने कहा, लोगों की चिल्लाने की आवाज सुनकर हमने तुरंत मौके पर पहुंचकर उन्हें पानी से निकाला। एसडीआरएफ की टीम भी बाद में पहुंची और बचाव कार्य में सहयोग किया। इस घटना ने एक बार फिर बारिश के मौसम में नदी किनारे बस्तियों और असुरक्षित स्थानों पर रहने के खतरों को उजागर किया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नदी तटों और निचले इलाकों में रहने से बचें।

Previous articleएयर इंडिया का ब्लैक बॉक्स क्षतिग्रस्त, डाटा निकालने अमेरिका भेजा जाएगा
Next articleमनपसंद व्यक्ति से विवाह करने का अधिकार संविधान के तहत संरक्षित : इलाहाबाद उच्च न्यायालय