मध्य प्रदेश में 18 जून तक दस्तक देंगे मानसून, आज भोपाल, इंदौर सहित कई जिलों में बारिश के आसार

Join Us

 15-16 जून से मानसून बढऩे की संभावना
भोपाल(ए.)। दक्षिण-पश्चिम मानसून अभी की स्थिर बना हुआ है। उधर दक्षिणी ओडिशा और उससे लगे आंध्रा प्रदेश पर बना चक्रवात ओडिशा से छत्तीसगढ़ की तरफ बढऩे के बजाए तेलंगाना एवं उससे लगे कर्नाटक की तरफ पहुंच गया है। कर्नाटक से आंध्र प्रदेश के उत्तरी तट तक एक द्रोणिका भी बनी हुई है।मौसम विज्ञानियों के मुताबिक इन दो मौसम प्रणालियों के असर से मानसून के 15-16 जून से आगे बढऩे की संभावना बढ़ गई है। इसी क्रम में शनिवार से मध्य प्रदेश में भोपाल, इंदौर, उज्जैन, नर्मदापुरम संभाग के जिलों में बारिश का सिलसिला शुरू होने के आसार हैं।18 जून तक प्रदेश में भी मानसून का प्रवेश हो सकता है। शुक्रवार को प्रदेश में सबसे अधिक 45 डिग्री सेल्सियस तापमान खजुराहो में दर्ज किया गया। खजुराहो एवं नर्मदापुरम में लू का प्रभाव रहा। गुना में 28 एवं धार में पांच मिलीमीटर बारिश हुई।प्रदेश में शुरू होगा बारिश का सिलसिला
मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी स्नेहिल सप्रे ने बताया कि वर्तमान में मानसून की उत्तरी सीमा मुंबई, अहिल्यानगर, आदिलाबाद, भवानीपटना, पुरी, बालुरघाट से होकर ही गुजर रही है। अगले दो दिनों के दौरान विदर्भ, छत्तीसगढ़, और ओडिशा के कुछ और हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढऩे की संभावना है। उत्तर-पश्चिमी राजस्थान एवं उसके आसपास हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात बना हुआ है। इस चक्रवात से मध्य प्रदेश, विदर्भ होते हुए मराठवाड़ा तक एक द्रोणिका बनी हुई है। अलग-अलग स्थानों पर बनी इन मौसम प्रणालियों के असर से कुछ नमी आने लगी है। इस वजह से शनिवार से प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है।

Previous articleअहमदाबाद हादसे के बाद बोइंग के 787 ड्रीमलाइनर विमानों की होगी जांच, डीजीसीए का फैसला
Next articleअमरनाथ यात्रा के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए अब रहने के लिए नहीं आएगी कोई दिक्कत