भीषण गर्मी से उत्तर भारत में हाल बेहाल, तापमान 40 डिग्री के पार

Join Us

नईदिल्ली,(आरएनएस)। उत्तर भारत में गर्मी के तल्ख तेवरों ने लोगों का जीना मुहाल कर रखा है। दिल्ली एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच गया है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, अगले 5 दिनों तक इन राज्यों में भीषण गर्मी का दौर जारी रहेगा।
12 जून को तेज हवा के साथ बारिश होने से मौसम का मिजाज बदल सकता है, जिससे लोगों को गर्मी से काफी राहत मिलेगी।राजस्थान में जून की शुरुआत के साथ ही सूरज की तपिश लोगों को झुलसा रही है। तापमान में अचानक हुई बढ़ोतरी ने कई रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं।रविवार को प्रदेश में अधिकतम तापमान 47 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया। अधिकांश जिलों में लू के हालात बने हुए हैं।9 जून को मौसम शुष्क रहने के साथ तापमान 45-47 डिग्री के बीच रहेगा। कुछ स्थानों पर धूल भरी आंधी चलने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश में गर्मी कहर बरपा रही है। अगले 2-3 दिन मौसम शुष्क रहने से तापमान 46-47 डिग्री तक पहुंचने के आसार हैं।प्रदेश के कुछ इलाकों में 9 और 10 जून को लू चलने का अलर्ट जारी किया गया है। 11 जून के बाद मौसम करवट लेगा और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होगी।बिहार में भी अगले 2-3 दिन तक गर्मी बेहाल करने वाली है, लेकिन मध्य जून तक बारिश की संभावना बन रही है। दिल्ली में 3 दिन से मौसम शुष्क बना हुआ है, जिसके चलते रविवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री के पार चला गया, जबकि हीट इंडेक्स 47.2 डिग्री रहा। इससे लोगों को 47 डिग्री से ऊपर की गर्मी का अहसास हुआ और उमस ने पसीने छुड़ा दिए।आईएमडी के अनुसार, अगले 2-3 दिन तक मौसम साफ रहने और 20-30 किमी/घंटा की रफ्तार से हवा चलने के आसार हैं। 12 जून के बाद बादल छाने के साथ बारिश होने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने अगले 7 दिनों के दौरान पूर्वोत्तर भारत में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। 11-14 जून के दौरान अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में तेज बारिश हो सकती है।
10-13 जून के दौरान नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बरसात होने का अनुमान है।
पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में 11-13 जून के बीच बारिश की संभावना है। इस दौरान 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से हवा भी चल सकती है।
००

 

Previous articleआज का राशिफल
Next articleयूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा को नहीं मिली बेल, न्यायिक हिरासत फिर 14 दिन बढ़ी