तिरुवनंतपुरम, (आरएनएस)। केरल के समुद्र तट के पास सोमवार सुबह सिंगापुर के झंडे वाले मालवाहक जहाज एमवी वान हाई 503 में विस्फोट के बाद आग लग गई।इस घटना के बाद जहाज के चालक दल के 4 सदस्य लापता हैं। सूचना पर भारतीय नौसेना ने बचाव अभियान शुरू कर दिया है।इसी तरह स्थिति के आकलन और सहायता के लिए कोच्चि स्थित नौसेना वायु स्टेशन आईएनएस गरुड़ से नौसेना डोर्नियर विमान की उड़ान की भी योजना बनाई जा रही है।
रक्षा जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि विस्फोट की सूचना सबसे पहले सुबह करीब 10.30 बजे मुंबई के समुद्री परिचालन केंद्र ने कोच्चि में अपने समकक्षों को दी थी। 270 मीटर लंबा और 12.5 मीटर व्यास वाला यह जहाज 7 जून को कोलंबो से मुंबई के लिए रवाना हुआ था। इसके 10 जून को गंतव्य पर पहुंचने की उम्मीद थी।उन्होंने बताया कि नौसेना ने तत्काल सहायता के लिए आईएनएस सूरत को कोच्चि में डॉक करने के लिए रवाना कर दिया।रक्षा जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि बताया कि नौसेना की टीम मौके पर पहुंच गई है और लापता चालक दल के सदस्यों की तलाश में जुटी है। हालांकि, अभी तक उनका कोई सुराग हाथ नहीं लगा है।
इससे पहले 25 मई को कोच्चि समुद्र तट से लगभग 38 समुद्री मील दूर लाइबेरियाई मालवाहक जहाज समुद्र में आधा झुकने के बाद डूब गया था। उस घटना में जहाज में सवार सभी 24 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया था।
००








