दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को मिली जान से मारने की धमकी, पुलिस जांच में जुटी

Join Us

नई दिल्ली (आरएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से एक बड़ी खबर सामने आई है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को जान से मारने की धमकी मिली है। यह धमकी एक अज्ञात व्यक्ति ने पुलिस कंट्रोल रूम में फोन करके दी। पुलिस के अनुसार, देर रात गाजियाबाद पुलिस को एक पीसीआर कॉल आई थी, जिसमें मुख्यमंत्री को जान से मारने की धमकी दी गई थी। रात करीब 11 बजे आई इस कॉल के बाद गाजियाबाद पुलिस ने तुरंत दिल्ली पुलिस को सूचित किया। दिल्ली पुलिस ने इस मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को गुरुवार को धमकी मिली थी। गाजियाबाद पुलिस से सूचना मिलने के बाद दिल्ली के उत्तर-पश्चिम जिले की पुलिस टीम सक्रिय हो गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और धमकी देने वाले आरोपी की पहचान कर ली गई है। दिल्ली और गाजियाबाद पुलिस की संयुक्त टीमें आरोपी की तलाश में जुट गई हैं। यह धमकी ऐसे समय में आई है जब कुछ दिन पहले ही दिल्ली के उद्योग भवन और निर्माण भवन को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल प्राप्त हुए थे।गौरतलब है कि इससे पहले 30 मई को सुबह लगभग 6:49 बजे दो बड़े सरकारी कार्यालयों के अधिकारियों को एक धमकी भरा ईमेल मिला था उस ईमेल में इमारतों में अमोनियम सल्फेट से बने विस्फोटक उपकरण लगाने और दोपहर 3:15 बजे से पहले सभी को वहां से हट जाने की बात लिखी गई थी। इस ईमेल के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने व्यापक तलाशी अभियान चलाया था।

Previous articleसेना को मिलेंगे 48 नए अधिकारी, कैडेट्स ने पूरा किया प्रशिक्षण
Next articleउम्मीद है जम्मू-कश्मीर फिर से पूर्ण राज्य बनेगा : उमर अब्दुल्ला