भोपाल में डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन रोका

Join Us

 सैलरी नहीं मिलने पर कर्मचारी नाराज; अफसर के आश्वासन के बाद माने
भोपाल (आरएनएस)। राजधानी भोपाल में शुक्रवार सुबह डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन का काम करीब डेढ़ घंटा थमा रहा। सैलरी नहीं मिलने से नाराज कर्मचारियों ने कचरा ट्रांसफर स्टेशनों पर ही गाडिय़ां खड़ी कर दी। जैसे ही यह जानकारी अफसरों तक पहुंची, उन्होंने कर्मचारियों को आश्वासन दिया कि सैलरी आज ही बैंक अकाउंट में ट्रांसफर कर दी जाएगी। इसके बाद कर्मचारी माने और कचरा उठाया जाने लगा।नगर निगम में करीब 6 हजार दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी हैं। जिनमें सफाई मित्र और वाहन चालक शामिल हैं। इन्हें हर महीने 10 से 12 तारीख तक सैलरी मिलती है। इस बार ईद होने की वजह से पहले सैलरी की मांग कर रहे थे, लेकिन गुरुवार शाम तक सैलरी नहीं मिली। इसके चलते शुक्रवार सुबह उन्होंने ट्रांसफर स्टेशनों पर ही गाडिय़ां खड़ी कर दी और गली-मोहल्लों में कचरा लेने नहीं पहुंचे। करीब डेढ़ घंटा तक उनका प्रदर्शन चला।
विरोध के बाद दिया आश्वासन
नगर निगम भोपाल सार्थक कर्मचारी संघ के बैनरतले कर्मचारियों ने यह प्रदर्शन किया और विरोध दर्ज कराया। इसके बाद डिप्टी कमिश्नर चंचलेश गिरहारे ने चर्चा की। उन्होंने दोपहर तक सैलरी ट्रांसफर होने की बात कही। इसके बाद सभी कर्मचारी मान गए।

Previous articleबोहरा समुदाय ने अकीदत के साथ मनाया ईद-उल-अजहा का त्यौहार
Next articleभारी बारिश भूस्खलन से जुझते पूर्वोत्तर