दिल्ली के बड़े प्राइवेट हॉस्पिटल भी जल्द आएंगे आयुष्मान भारत के दायरे में

Join Us

नई दिल्ली(आरएनएस)। दिल्ली के सभी प्रमुख निजी अस्पताल जल्द ही केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी आयुष्मान भारत बीमा योजना के तहत मरीजों का इलाज कर सकेंगे। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री पंकज सिंह ने यह जानकारी देते हुए बताया कि अगले 20-25 दिनों में यह बदलाव देखने को मिलेगा। उन्होंने यह घोषणा दिल्ली में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व वाली बीजेपी सरकार के 100 दिन पूरे होने के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में दी। स्वास्थ्य मंत्री पंकज सिंह ने कहा कि दिल्ली के मैक्स, फोर्टिस और अपोलो जैसे बड़े प्राइवेट अस्पताल समूह अभी तक आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (पीएमजेएवाई) में शामिल नहीं हुए थे। वर्तमान में इस योजना के डैशबोर्ड पर 11 सरकारी अस्पतालों के अलावा 82 अन्य निजी अस्पताल सूचीबद्ध हैं। उन्होंने बताया कि पिछली आप सरकार द्वारा दूसरी योजनाओं के तहत लंबित भुगतानों को मंजूरी नहीं देने के कारण दिल्ली के प्राइवेट अस्पताल इस योजना में शामिल होने में हिचकिचा रहे थे। सिंह ने पिछली सरकार पर दिल्ली आरोग्य निधि (स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय द्वारा संचालित वित्तीय सहायता योजना) से समय पर भुगतान न करने का आरोप लगाया। उन्होंने आश्वासन दिया कि अब वह यह सुनिश्चित करेंगे कि अगले 20-25 दिनों में सभी बड़े अस्पताल आयुष्मान भारत के तहत सूचीबद्ध हो जाएं और इसके लिए वह जल्द ही उनसे बातचीत करेंगे। आयुष्मान भारत पीएमजेएवाई के तहत गरीब परिवारों के मरीजों को 5 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा मिलता है, जबकि 70 वर्ष से अधिक आयु के मरीजों को भी 5 लाख रुपये का बीमा कवर प्रदान किया जाता है। केंद्र सरकार द्वारा 5 लाख रुपये का कवर दिया जाता है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपनी कैबिनेट की पहली बैठक के बाद घोषणा की थी कि दिल्ली सरकार लाभार्थियों को 5 लाख रुपये का अतिरिक्त टॉप-अप देगी। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, अब तक गरीब परिवारों से 3.16 लाख से अधिक लाभार्थियों और 70 वर्ष से अधिक आयु के 30 हजार लोगों को इस योजना के तहत पंजीकृत किया गया है। योजना के लिए लाभार्थियों का चयन राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एनएफएसए) के आंकड़ों और सामाजिक आर्थिक और जाति जनगणना 2011 के आधार पर किया जाता है। स्वास्थ्य मंत्री ने यह भी बताया कि अब तक 601 लाभार्थियों ने इस योजना के तहत स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया है।

Previous articleरक्षा खरीद में अब कम लगेगा समय, मंत्रालय ने घटाई समयसीमा
Next articleप्रधानमंत्री देश भर में घूम रहे हैं, डोनाल्ड ट्रंप के दावे पर क्यों नहीं दे रहे जवाब?