भाजपा ने उठाए गंभीर सवाल
कोलकाता (आरएनएस)। पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में वक्फ (संशोधन) अधिनियम के विरोध में बीते अप्रैल में हुई हिंसा को लेकर कलकत्ता हाईकोर्ट की समिति ने जिस तरह से रोंगटे खड़े करने वाली रिपोर्ट दी है, इस रिपोर्ट ने तृणमूल कांग्रेस सरकार को कटघरे में खड़ा कर दिया है। सीएम ममता बनर्जी की शासन को लेकर अब देश दुनिया में जहां सवाल उठने लगे है वहीं भाजपा ने जबरदस्त मौखिक हमला किया है। कारण उक्त रिपोर्ट में खुलासा किया गया है कि, पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में पिछले महीने भडक़ी हिंसा में राज्य में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस का एक नेता यानी पार्षद शामिल था। हिंसा के दौरान हिंदुओं को चुन-चुन कर निशाना बनाया गया। मुर्शिदाबाद हिंसा को लेकर भाजपा के आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को घेरा है। उन्होंने रिपोर्ट को लेकर सीएम पर निशाना साधा है। यहां तक की उन्होंने ममता बनर्जी को बंगाल की राजनीति पर धब्बा तक करार दिया। मालवीय ने कहा कि, इस रिपोर्ट से स्पष्ट है कि जब हिंदुओं के घरों को उपद्रवी निशाना बना रहे थे, तब ममता बनर्जी की पुलिस मूकदर्शक बनकर यह सब दृश्य देख रही थी। पुलिस-प्रशासन की तरफ से किसी भी प्रकार का कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने कहा कि यह एक विश्वसनीय रिपोर्ट है, क्योंकि इसे कलकत्ता हाई कोर्ट की तरफ से गठित टीम ने तैयार किया है।








