श्रीनगर, (ए)। जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ सुरक्षाबलों का अभियान तेज़ हो गया है। पिछले तीन दिनों में हुए दो अलग-अलग एनकाउंटर में छह आतंकवादियों को मार गिराया गया है। सेना और पुलिस ने शुक्रवार को एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी दी कि कश्मीर घाटी में आतंकवाद के खात्मे तक ऑपरेशन जारी रहेगा। पिछले 72 घंटों में सुरक्षाबलों ने त्राल और शोपियां में दो अलग-अलग स्थानों पर अभियान चलाया। त्राल में एक गांव में ऑपरेशन हुआ। शोपियां में कार्रवाई ऊंचे पहाड़ी इलाके में की गई। दोनों ही ऑपरेशन में सटीक रणनीति और सावधानीपूर्वक कार्रवाई के तहत आतंकवादियों को ढेर किया गया।सेना ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि ऑपरेशन में सभी सुरक्षा एजेंसियों – सेना, सीआरपीएफ और पुलिस के बीच तालमेल बेहतरीन रहा, जो इस सफलता का मुख्य कारण बना। अधिकारियों ने कहा कि यही तालमेल भविष्य में भी बरकरार रहेगा और इसी रणनीति के तहत आतंकवाद के समूल सफाए की दिशा में कदम बढ़ाए जाएंगे।
जनता के सहयोग को बताया अहम
सेना अधिकारियों ने जम्मू-कश्मीर की आम जनता को भी धन्यवाद दिया और कहा, स्थानीय लोगों का सहयोग न होता, तो इस तरह की सफलता न केवल कठिन, बल्कि असंभव होती। सेना ने लोगों से अपील की है कि वे आतंकवाद के खिलाफ इस मुहिम में सुरक्षाबलों का इसी तरह सहयोग करते रहें।








