ओटावा (आरएनएस)।कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने अनीता आनंद को विदेश मंत्री नियुक्त किया है। आनंद की विशेष जिम्मेदारी भारत के साथ संबंधों को बेहतर और मजबूत बनाने की होगी। आनंद को मंगलवार (स्थानीय समयानुसार) को कनाडा की नई विदेश मंत्री के रूप में शपथ दिलाई गई। उन्होंने मेलोनी जोली की जगह ली है, जिन्हें परिवहन और आतंरिक व्यापार मंत्रालय में भेजा गया है। कनाडा की लिबरल पार्टी की सदस्य अनीता आनंद ने हिंदू ग्रंथ भगवद गीता पर हाथ रखकर पद की शपथ ली। पीएम कार्नी ने अनीता आनंद को विदेश मंत्री पद पर नियुक्त करते हुए कहा कि उनका मिशन भारत के साथ लगभग टूट चुके संबंधों को फिर से स्थापित करना होगा। इसके साथ ही राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से बेहतर तालमेल बनाकर अमेरिका के साथ संबंध मजबूत करना होगा। नवनियुक्त विदेश मंत्री अनीता आनंद पहले परिवहन और रक्षा मंत्रालय संभाल चुकी हैं। जनवरी में उन्होंने कहा था कि वे राजनीति को छोडक़र शिक्षा के क्षेत्र में लौटेंगी।








