कहीं झमाझम बारिश तो कहीं चलेगी भयंकर लू, मौसम विभाग ने दिया अपडेट

Join Us

नईदिल्ली, (आरएनएस)। बंगाल की खाड़ी में मानसून को लेकर बन रही परिस्थितियों के चलते देशभर में मौसम का मिजाज बदलता हुआ दिख रहा है। इसके चलते तेज हवाओं और बारिश के कारण कुछ इलाकों के तापमान में उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है।
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में 16 मई तक तेज बारिश का पूर्वानुमान है। इसके साथ ही पश्चिम और दक्षिणी राज्यों में मानसून पूर्व की गतिविधियां तेज हो रही हैं। पश्चिमी विक्षोभ के असर से बीते 24 घंटे में राजस्थान के कई इलाकों में आंधी चली और बारिश हुई। इस दौरान बीकानेर में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री दर्ज किया गया। आज जोधपुर, बीकानेर संभाग के सीमावर्ती क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 44-45 डिग्री तक रहने के साथ लू चलने का अनुमान है।प्रदेश के 11 जिलों में आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की है। 15 मई से तापमान में 2-3 डिग्री बढ़ोतरी होने की संभावना है।उत्तर प्रदेश में गर्मी का असर तेज होता जा रहा है। तेज धूप और गर्म हवाओं के चलते अधिकतम तापमान 44 डिग्री को पार कर गया है, जो इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा।मौसम विभाग के अनुसार, आज कई इलाकों में लू चलने की संभावना है। प्रदेश में 16-19 मई तक बारिश होने की संभावना जताई गई है।बिहार के कई जिलों में लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि कुछ जगह अंधड़ केसाथ बारिश होगी।उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में बढ़ी गर्मी और उमस ने लोगों को बेहाल किया हुआ है। दूसरी तरफ पर्वतीय इलाकों में हल्की बारिश हो रही है।
इससे चमोली, रुद्रप्रयाग सहित अन्य ऊंचाई वाले क्षेत्रों में राहत मिली हुई है। प्रदेश में अगले 3 दिनों तक मौसम शुष्क रहने के साथ तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश आज मौसम साफ रहेगा, जबकि ऊंचाई वाले कुछ इलाकों में बर्फबारी या बारिश होने के आसार हैं।
दिल्ली में आज आंशिक बादल छाए रहने के साथ 15-35 किमी/घंटा की रफ्तार से हवा चल सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान 40 और न्यूनतम 28 डिग्री तक रह सकता है।
15 मई को भी ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान है, जबकि 16 मई को आंशिक बादल रहने के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है।
इस दौरान 30-50 किमी/घंटा की रफ्तार से हवा चलने के साथ अधिकतम तापमान 40-42 डिग्री और न्यूनतम 28-30 डिग्री रह सकता है।
००

 

Previous articleआज का राशिफल
Next articleअमृतसर के 7 गांवों तक पहुंचा जहरीली शराब का असर, अब तक 21 की मौत