टीम यामनी ने टीम प्रियांशी को 242 रन के अंतराल से हराया

Join Us

 आदर्श राय ने खेली 88 गेंद पर 201 रन की विस्फोटक पारी
सीहोर। शहर के बीएसआई मैदान पर पीपीसीए के तत्वाधान में इंटर हाउस लीग क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में शनिवार को खेले गए एक तरफा मैच में टीम यामनी ने टीम प्रियांशी को 242 रन के विशाल अंतर से हराया। इस मैच में टीम यामनी की ओर से आदर्श राय ने मात्र 88 गेंद पर 21 चौकों, 16 छक्कों की मदद से 201 रन बनाए थे, वहीं उनके साथ खिलाड़ी अंश यादव ने 100 गेंद पर 108 रन की पारी खेली, इसमें 16 चौकों और दो छक्के लगाए थे।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम यामनी ने निर्धारित 40 ओवर में सात विकेट खोकर 388 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। इसमें आदर्श राय ने 201 रन, अंश यादव ने 108 रन, अंश गावा-खुशी 14-14 रन के अलावा भविष्य त्यागी 10 रन बनाए थे। इधर टीम प्रियांशी की ओर से गेंदबाजी करते हुए वरुण शुक्ला ने तीन विकेट, अभिजीत ने दो विकेट और प्रियांशु ने एक विकेट हासिल किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम प्रियांशी की पूरी टीम 146 रन पर 23 ओवर में ढेर हो गई। इसमें विकास सास्ता ने 46 रन, वरुण शुक्ला ने 20 रन, अंशुल ने 15 रन, नमन ने 18 रन और रूपेश जायसवाल ने 14 रन बनाए थे। इसके अलावा टीम यामनी की ओर से विरेन्द्र ने तीन विकेट, आदर्श राय-मानस ने दो-दो विकेट और खुशी यादव, जय जाटव, तानिश्क ने एक-एक विकेट लिया। डीसीए के मीडिया प्रभारी प्रियांशु दीक्षित ने बताया कि रविवार को सुबह टीम अंजली-टीम काव्या के मध्य मैच खेला जाएगा।

Previous articleपाकिस्तान ने 400 ड्रोन के जरिए भारत पर अटैक की कोशिश की : कर्नल सोफिया
Next articleभारत मां की आरती कर सैनिकों की विजय की कामना