जनपद सदस्य प्रतिनिधि जय सिंह भारती और कांग्रेस नेता पंकज शर्मा ने जताया जिला प्रशासन का आभार
सीहोर । ग्राम पंचायत पिपलिया मीरा के पुरानी चंदेरी स्थित शमशान घाट में पानी का कोई साधन ना होने से यहां अंतिम संस्कार के लिए आने वालों को भारी समस्या का सामना करना पड़ता था, जिसे लेकर गुरुवार को जनपद सदस्य प्रतिनिधि जय सिंह भारती और कांग्रेस नेता पंकज शर्मा ने पीएचई कार्यालय पहुंचकर कार्यपालन यंत्री के नाम संबोधित एक ज्ञापन संभागीय लेखाधिकारी एनके मीणा को सौंपा था जिसमें यहां तत्काल बोर खनन कराने की मांग की गई थी ताकि यहां अंतिम संस्कार के लिए आने वालों को राहत मिल सके, जिस पर जिला प्रशासन और पीएचई विभाग ने तत्काल कार्यवाही करते हुए जनहित की इस मांग पर चौबीस घंटे के भीतर ही शुक्रवार के दिन वहां बोर खनन का कार्य प्रारंभ करा दिया और दो सौ पचास फीट पर ही वहां भरपूर पानी भी निकल आया तथा उसके आगे भी बोर खनन जारी था । इस बोर खनन से ना केवल अंतिम संस्कार के लिए आने वालों को बल्कि ग्रामीणजनों को भी भीषण गर्मी के दौर में जलसंकट से राहत मिल सकेगी । बोर खनन होने और उसमें भरपूर पानी आने से ग्रामीणजनों में खुशी का माहौल है और शुक्रवार को जनपद सदस्य प्रतिनिधि जय सिंह भारती और कांग्रेस नेता पंकज शर्मा के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीणजन बोर स्थल पर पहुंचे और अपनी खुशी का इजहार किया । जनपद सदस्य प्रतिनिधि जय सिंह भारती और कांग्रेस नेता पंकज शर्मा सहित सभी उपस्थित ग्रामीणजनों ने जनहित की उनकी मांग पर तत्काल बोर खनन कराए जाने के लिए जिला प्रशासन और पीएचई विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया है ।








