भोपाल (आरएनएस)। राजधानी भोपाल के निजी कॉलेज की हिंदू छात्राओं से रेप, ब्लैकमेलिंग और लव जिहाद के मामले में अब राष्ट्रीय महिला आयोग भी सक्रिय हो गया है। रविवार को महिला आयोग की टीम ने पुलिस अधिकारियों से मुलाकात की।
केस की जांच कर रही एसआईटी के अधिकारियों को तलब किया गया। बताया जा रहा है कि भोपाल के होटल रेडिसन में महिला आयोग की टीम और पुलिस अधिकारियों के बीच इस केस को लेकर चर्चा हुई।अगले 3 दिन तक राष्ट्रीय महिला आयोग की टीम भोपाल में ही रहेगी। केस से जुड़े सभी पक्षों को सुना जाएगा। आयोग की टीम रेप पीडि़ताओं और उनके परिजन से भी मुलाकात कर चर्चा कर सकती है।महिला आयोग की टीम सभी पक्षों को जरूरी सुझाव भी देगी। आयोग सुनिश्चित करेगा कि पीडि़तों को न्याय मिले और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। पुलिस की अब तक की कार्रवाई का स्टेटस भी टीम लेगी।








