जयपुर (आरएनएस)। राजस्थान की राजधानी जयपुर में आज कांग्रेस के दिग्गजों का जमावड़ा लगा। ‘संविधान बचाओ रैली’ के मंच से कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, सचिन पायलट सहित तमाम बड़े नेताओं ने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष खडग़े ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बाबा साहेब अंबेडकर को लेकर दिए गए एक पुराने बयान पर पलटवार करते हुए तीखा हमला बोला।
मल्लिकार्जुन खडग़े ने संसद में अमित शाह द्वारा दिए गए उस बयान का जिक्र किया जिसमें उन्होंने कहा था कि ‘आप अंबेडकर का इतना नाम लेते तो स्वर्ग पहुंच जाते।’ खडग़े ने इसी बयान पर पलटवार करते हुए कहा, शाह बोलते हैं कि आप अंबेडकर का इतना नाम लेते तो स्वर्ग पहुंच जाते, तो हमने भी तय किया है कि आपको इस बार स्वर्ग भेजकर रहेंगे। उन्होंने आगे कहा कि स्वर्ग में जगह मिलेगी या नहीं, इसका फैसला तो यमराज करेंगे। खडग़े का सीधा इशारा अमित शाह की तरफ था।कांग्रेस अध्यक्ष ने बाबा साहेब डॉ. बी.आर. अंबेडकर के संविधान निर्माण में योगदान को याद दिलाते हुए कहा कि संविधान बनाने वाली समिति के सदस्य खुद यह मानते थे कि अगर अंबेडकर जी समय न देते तो शायद संविधान इस रूप में नहीं आ पाता। उन्होंने कहा कि बीजेपी के नेता ऐसा बोलते हैं कि बाबा साहेब का इतना नाम लेते तो स्वर्ग मिल जाता।गौरतलब है कि अमित शाह ने पिछले साल संसद सत्र के दौरान लोकसभा में संविधान पर चर्चा के दौरान बाबा साहेब अंबेडकर का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा था।
उसी दौरान उन्होंने कहा था, अंबेडकर, अंबेडकर, अंबेडकर, इतना नाम अगर भगवान का लेते तो सात जन्मों तक स्वर्ग मिल जाता। हालांकि, उनके इस बयान के एक हिस्से को काट कर सोशल मीडिया पर वायरल किया गया था, जिस पर कांग्रेस ने कड़ी आपत्ति जताते हुए इसे अंबेडकर का अपमान बताया था और अमित शाह से माफी मांगने की मांग की थी। आज जयपुर रैली में खडग़े ने उसी बयान का हवाला देते हुए बीजेपी और अमित शाह पर निशाना साधा।








