विनायक ने किए 2 गोल, आज सीहोर चिल्ड्रन और ब्लू के मध्य मुकाबला
सीहोर। शहर के चर्च मैदान पर जिला फुटबाल एसोसिएशन के तत्वाधान में 85 दिवसीय निशुल्क फुटबाल प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इसमें खिलाड़ियों को मंच देने के उद्देश्य से ब्लाक स्तरीय फुटबाल प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। गुरुवार को एक मुकाबला खेला गया। इसमें सीहोर बाइज ने सीहोर गर्ल्स को 3-2 से हराया। इस दौरान एसोसिएशन की ओर से मनोज कन्नोजिया आदि सीनियर खिलाड़ी ने खेल की बारीकियों से अवगत किया।
गुरुवार की शाम को खेले गए इस रोमांचक मैच में सीहोर बाइज ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए सीहोर गर्ल्स को हराया। इसमें सीहोर बाइज की ओर से विनायक ने 2 गोल और अल्तमश ने 1 गोल किया। वहीं माया ने सीहोर गर्ल्स से दो गोल किए थे। एसोसिएशन के मीडिया प्रभारी प्रियांशु दीक्षित ने बताया कि शुक्रवार की शाम को सीहोर चिल्ड्रन और सीहोर ब्लू के मध्य मैच खेला जाएगा।








