मुंबई (आरएनएस)। भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 11 अप्रैल को समाप्त हुए हफ्ते में 1.57 बिलियन डॉलर बढक़र 677.84 बिलियन डॉलर हो गया है। यह जानकारी भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की ओर से शुक्रवार को जारी किए गए आंकड़ों में दी गई।
यह लगातार छठवां हफ्ता है, जब विदेशी मुद्रा भंडार में रिकॉर्ड बढ़त देखी गई है। इससे पहले 4 अप्रैल को समाप्त हुए हफ्ते में विदेशी मुद्रा भंडार 10.8 बिलियन डॉलर बढक़र 676.3 बिलियन डॉलर हो गया है।
समीक्षा अवधि में विदेशी मुद्रा भंडार के प्रमुख घटकों में से एक विदेशी मुद्रा आस्तियों की वैल्यू 892 मिलियन डॉलर बढक़र 574.98 बिलियन डॉलर हो गईं।विदेशी मुद्रा आस्तियों में अमेरिकी डॉलर के साथ यूरो, पाउंड और येन को भी शामिल किया जाता है। विदेशी मुद्रा भंडार के एक अन्य अहम घटक गोल्ड की वैल्यू 638 मिलियन डॉलर बढक़र 79.99 बिलियन डॉलर हो गई है। हफ्ते के दौरान, वैश्विक अनिश्चितता के चलते गोल्ड को बड़ी मात्रा में दुनियाभर के केंद्रीय बैंकों की ओर से खरीदा गया है।








