मेरे पति को गोली मारने के बाद हंस रहा था आतंकवादी….

Join Us

पहलगाम हमले में मारे गए व्यक्ति की पत्नी ने बयां की वहां की दास्तान  

ठाणे (ए.)। पहलगाम में आतंकी हमले में मारे गए बैंक मैनेजर शैलेश की पत्नी शीतल कलथिया ने गुरुवार को अंतिम संस्कार में श्रद्धांजलि देने आए केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी आर पाटिल पर जमकर भड़ास निकाली। उन्होंने न्याय की मांग की और सरकार पर पर्यटकों को सुरक्षा प्रदान नहीं करने का आरोप लगाया। मुंबई में भारतीय स्टेट बैंक की शाखा में 44 वर्षीय मैनेजर शैलेश कलथिया अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ एक सहकर्मी के परिवार के साथ छुट्टियां मनाने गए थे, जब मंगलवार को उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई। कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में जान गंवाने वाले गुजरात के सूरत निवासी शैलेश कलाथिया की पत्नी ने बृहस्पतिवार को बताया कि आतंकवादी उनके पति की गोली मारकर हत्या करने के बाद हंस रहा था। दक्षिण कश्मीर के पहलगाम शहर में मंगलवार को हुए आतंकी हमले में मारे गए 26 लोगों में कलाथिया समेत गुजरात के तीन लोग शामिल थे। हमले में जान गंवाने वाले राज्य के दो अन्य लोग यतीश परमार और उनके बेटे स्मित भावनगर शहर के रहने वाले थे। तीनों मृतकों का बृहस्पतिवार को उनके पैतृक स्थानों पर अंतिम संस्कार किया गया।
स्थानीय निवासी शोक की लहर के बीच मृतकों के अंतिम संस्कार में शामिल हुए। शैलेश कलाथिया के शव को जब उनके घर से श्मशान ले जाया जा रहा थ, उस समय उनकी पत्नी शीतलबेन कलाथिया काफी परेशान दिखीं। उन्होंने पत्रकारों से कहा कि आतंकवादियों ने कोई दया नहीं दिखाई और वे उनके पति को बहुत करीब से गोली मारने के बाद हंस रहे थे।
शीतलबेन ने कहा, एक आतंकवादी पहले हमारे करीब आया और फिर यह जानने के बाद कि वह हिंदू है, उसने मेरे पति को गोली मार दी। मेरे पति की तरह ही, अन्य हिंदू पुरुषों को भी उनके बच्चों के सामने गोली मारी गई। मेरे पति को गोली मारने के बाद आतंकवादी हंस रहा था और तब तक वहां से नहीं गया, जब तक कि वह मर नहीं गए।
कलाथिया के बेटे नक्श ने सूरत में अपने पिता का अंतिम संस्कार किया। नक्श ने बाद में पत्रकारों से कहा कि उनके पिता को हिंदू होने के कारण निशाना बनाया गया और एक आतंकवादी ने उनके और उनकी मां के सामने गोली मारकर उनकी हत्या कर दी। शैलेश कलथिया अपनी पत्नी शीतलबेन, बेटे नक्श और बड़ी बेटी नीति के साथ पहलगाम में छुट्टियां मना रहे थे कि तभी आतंकवादियों के एक समूह ने बैसरन पर हमला किया।

 

Previous articleकेंद्र के आदेश के बाद क्या सीमा हैदर जाएगी पाकिस्तान? उठने लगे सवाल
Next articleपहलगाम हमले पर बोले शशि थरूर, आरोप-प्रत्यारोप का समय नहीं, इस्लामी आतंकियों और पाकिस्तानी आकाओं को नष्ट करना होगा