नई दिल्ली(आरएनएस)। टीम इंडिया के हेड कोच और पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर को आतंकवादी संगठन आईएसआईएस कश्मीर की ओर से जान से मारने की धमकी मिली है। गंभीर ने इस मामले में 23 अप्रैल को दिल्ली पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई है और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। जानकारी के मुताबिक, गंभीर को यह धमकी उस वक्त मिली जब वह आईपीएल के चलते टीम इंडिया से ब्रेक पर हैं। हाल ही में वह अपने परिवार के साथ यूरोप टूर पर गए थे, लेकिन पहलगाम आतंकी हमले के ठीक एक दिन बाद आई यह धमकी गंभीर चिंता का विषय बन गई है।दिल्ली पुलिस ने गंभीर की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और उनकी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इस धमकी की जांच में स्पेशल सेल और साइबर यूनिट भी लगाई गई है, ताकि धमकी देने वाले की पहचान की जा सके।
गौरतलब है कि गौतम गंभीर इससे पहले भी कई बार आतंकवाद और राष्ट्रविरोधी गतिविधियों के खिलाफ खुलकर बयान दे चुके हैं। ऐसे में ये धमकी उन्हें डराने या दबाव में लाने की कोशिश के तौर पर देखी जा रही है।








