तमिलनाडु में बीजेपी और एआईएडीएमके फिर साथ

Join Us

 शाह का एलान 2026 में पलानीस्वामी के नेतृत्व में लड़ा जाएगा चुनाव
चेन्नई,(ए)। तमिलनाडु की राजनीति में एक बड़ा सियासी मोड़ आया है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को चेन्नई में एलान किया कि भारतीय जनता पार्टी और एआईएडीएमके एक बार फिर गठबंधन में साथ आए हैं। उन्होंने घोषणा की कि 2026 का विधानसभा चुनाव एआईएडीएमके प्रमुख ई. पलानीस्वामी के नेतृत्व में लड़ा जाएगा।यहां केंद्रीय गृहमंत्री शाह ने कहा, कि एआईएडीएमके का एनडीए में शामिल होना दोनों दलों के लिए फायदेमंद है। सीटों का बंटवारा बाद में आपसी सहमति से किया जाएगा। जरूरत पड़ी तो कॉमन मिनिमम प्रोग्राम (सीएमपी) भी तैयार किया जाएगा। वहीं आगे शाह ने डीएमके सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि आगामी चुनाव भ्रष्टाचार, दलितों और महिलाओं पर अत्याचार जैसे मुद्दों पर लड़ा जाएगा। उन्होंने दावा किया कि लोग डीएमके से जवाब चाहते हैं, और एआईएडीएमके-बीजेपी गठबंधन ही विकल्प है।गौरतलब है कि सितंबर 2023 में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के. अन्नामलाई की कुछ विवादास्पद टिप्पणियों के बाद एआईएडीएमके ने एनडीए से दूरी बना ली थी। लेकिन अब दोनों पार्टियों ने फिर से हाथ मिला लिया है, जिसे आगामी चुनावों के मद्देनजऱ एक रणनीतिक कदम माना जा रहा है। केंद्रीय मंत्री शाह के दौरे के साथ ही भाजपा के तमिलनाडु संगठन में बदलाव के संकेत भी मिल रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, तिरुनेलवेली से विधायक नयनार नागेन्द्रन को भाजपा का अगला प्रदेश अध्यक्ष बनाया जा सकता है। शाह ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि उनका नाम अन्नामलाई ने ही प्रस्तावित किया है।
2021 का प्रदर्शन और 2024 की हार
2021 में हुए विधानसभा चुनाव में डीएमके गठबंधन को 159 सीटें मिली थीं, जबकि एनडीए को केवल 75 सीटों पर ही सफलता मिल पाई थी। एआईएडीएमके को 66 और भाजपा को मात्र 4 सीटें मिली थीं। वहीं, 2024 के लोकसभा चुनाव में एनडीए एक भी सीट नहीं जीत पाया।

Previous articleअमेरिका के साथ व्यापार समझौते पर केंद्रीय मंत्री गोयल, बंदूक की नोक पर बात नहीं करते
Next articleहाथ-पैर में हथकड़ी, कमर में जंजीर… एनआईए की कस्टडी में ऐसा दिखा तहव्वुर राणा; सामने आई पहली फोटो