सड़क के दोनों ओर गुमठी, ठेले वालों के अतिक्रमण से होते हैं हादसे
शासकीय जमीन पर हुए अतिक्रमण को सख्ती से हटाए प्रशासन – पंकज शर्मा
सीहोर । शुक्रवार को जिला कांग्रेस के पूर्व महासचिव पंकज शर्मा के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने कलेक्टर महोदय को संबोधित एक ज्ञापन संयुक्त कलेक्टर आनंद राजावत को सौंपा । ज्ञापन के माध्यम से पंकज शर्मा ने बताया कि बस स्टैंड, इंग्लिश पूरा भोपाल नाका, चाणक्यपुरी, अवधपुरी, मुरली रोड से लेकर हाऊसिंग बोर्ड रेलवे फाटक क्षेत्र में बड़ी संख्या में शासकीय जमीन और सड़क के किनारे के दोनों ओर अवैध गुमठी वालों, ठेले वालों द्वारा अवैध रूप से अतिक्रमण कर रखा है जिससे आम जनता को परेशानी उठानी पड़ती है, सड़क पर हर कभी जाम लग जाता है जिस कारण कई बार विवाद की स्थिति भी निर्मित हो जाती है और इस कारण यहां कई दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं, जिसमें कई लोगों को गंभीर चोटें भी लग चुकी हैं तथा कुछ मामलों में जनहानि भी हो चुकी है । पंकज शर्मा ने कहा कि इस क्षेत्र में कई शासकीय और अशासकीय स्कूल-कॉलेज सहित कोचिंग संस्थान हैं, जिससे इस क्षेत्र में हजारों की संख्या में विद्यार्थियों का आना-जाना लगा रहता है, इस अतिक्रमण और जाम के कारण इन विद्यार्थियों सहित रहवासियों को भी काफी परेशानी उठानी पड़ती है । पंकज शर्मा ने आगे कहा कि इसी क्षेत्र में हाऊसिंग बोर्ड रेलवे फाटक पर ओवर ब्रिज भी बन रहा है जिससे ट्रैफिक जाम की परेशानी और ज्यादा बढ़ जाती है तथा इस अतिक्रमण से मामला और अधिक गंभीर हो जाता है । पंकज शर्मा ने इस क्षेत्र सहित पूरे सीहोर नगर में शासकीय जमीन सहित सड़क किनारे गुमठी और ठेले वालों द्वारा किए गए अवैध अतिक्रमण और कब्जों को तत्काल सख्ती से हटाकर क्षेत्रवासियों और यहां से आवागमन करने वालों को राहत प्रदान किए जाने की मांग जिला कलेक्टर से की है । ज्ञापन सौंपने वालों में प्रमुख रूप से विकास राय, राजेश रैकवाल, बिजेंद्र ठाकुर, सतीश दरोठिया, अमित गोस्वामी, अमित शर्मा, ब्रह्म सिंह मेवाड़ा, गोलू यादव, धर्मेंद्र, किशोर सिंह आदि कांग्रेसजन शामिल हैं ।








