गौमांस मिले उत्पादों को भव्य शिवबारात और कुबेरेश्वर धाम में वितरित कर किया शिवभक्तों का धर्म भ्रष्ट
तिरुपति बालाजी मंदिर के महाप्रसादम में मिलावटी घी मामले में भी इसका नाम सामने आया था
गौमांस खिलाकर सनातनियों की आस्था से खिलवाड़ करने वाले फैक्ट्री प्रबंधन के खिलाफ सभी सनातनी एकजुट होकर आगे आएं – पंकज शर्मा
सीहोर । सीहोर के समीपस्थ पिपलिया मीरा गांव स्थित जय श्री गायत्री फूड प्रोडक्ट्स प्रालि और मिल्क मैजिक पनीर फैक्ट्री के खाद्य पदार्थों में लैब रिपोर्ट की जांच में पशु चर्बी मिलने का मामला पिछले दिनों सामने आया था, अब इस फैक्ट्री के बारे में एक और बड़ा खुलासा हुआ है जिससे पूरे देश में हड़कंप मचना तय है । दरअसल लैब रिपोर्ट की जांच में इसके उत्पादों में जो पशु चर्बी पाई गई है वो गौवंश की है, मतलब पनीर फैक्ट्री प्रबंधन अपने दुग्ध उत्पादों में गौमांस का उपयोग करता है । इसके दुग्ध उत्पादों की लैब जांच रिपोर्ट में साफ लिखा है बीफ पॉजिटिव और बीफ का मतलब होता है गौमांस, मतलब इन लैब जांच रिपोर्ट से स्पष्ट है कि ये फैक्ट्री अपने दुग्ध उत्पादों में गौमांस का इस्तेमाल कर पूरे देश के करोड़ों सनातनियों की आस्था से खिलवाड़ करती है । अब इस मामले में जिला कांग्रेस के पूर्व महासचिव पंकज शर्मा ने इस फैक्ट्री के प्रबंधन पर निशाना साधते हुए कहा है कि हमारे देश में गौमाता आदिकाल से ही आस्था का केंद्र रही है और सनातन को मानने वाले इसे माता का दर्जा देते हैं और ऐसे में इस फैक्ट्री के उत्पादों में गौमाता का मांस पाया जाना सनातन को मानने वाले करोड़ों लोगों की आस्था पर कुठाराघात के समान है जिसकी सजा इसके प्रबंधन को दिया जाना नितांत आवश्यक है । पंकज शर्मा ने आगे कहा कि इस फैक्ट्री प्रबंधन ने ना केवल अपने दुग्ध उत्पादों में गौमांस का इस्तेमाल किया बल्कि उसे भव्य शिवबारात और कुबेरेश्वर धाम पर वितरित कर शिवभक्तों का धर्म भ्रष्ट करने का पाप भी किया और हिन्दुओं की आस्था के सबसे बड़े केंद्र तिरुपति बालाजी मंदिर के महाप्रसादम में मिलावटी घी के मामले में भी इसका नाम सामने आया था, जिसकी कठोर सजा इसे मिलनी ही चाहिए । पंकज शर्मा ने सीहोर जिला प्रशासन से इसे कठोर सजा दिलाए जाने की मांग करते हुए इस मामले में सीहोर के सभी सामाजिक, धार्मिक संगठनों से भी आगे आकर लोगों का धर्म भ्रष्ट करने वाली इस फैक्ट्री को सीहोर से उखाड़ फेंकने और इसके प्रबंधन को कड़ी सजा दिलाते हुए जेल में डालने में उनका सहयोग करने की अपील की है ।








