पत्रकार भवन के लिए हर संभव सहयोग करूंगा : स्वदेश राय

Join Us

अंबा दत्त भारतीय स्मृति पत्रकार सम्मान से श्री सुधीर सक्सेना सम्मानित
सीहोर (निप्र)। सीहोर विधायक सुदेश राय ने कहा कि पत्रकार अंबादत भारतीय सीहोर जिले की पत्रकारिता की शान थे, जिन्हें पूरा जिला और प्रदेश पत्रकारिता की चलती फिरती पाठशाला की स्वीकृति प्रदान करता है। विधायक श्री राय आज स्वर्गीय अंबा दत्त भारतीय स्मृति पत्रकारिता सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। विधायक श्री राय ने कहा कि मेरी इच्छा है कि जिले के पत्रकारों की बहु प्रतीक्षित पत्रकार भवन की मांग शीघ्र पूर्ण हो जिसके लिए हर संभव सहयोग करूंगा। विधायक श्री राय ने अंबा दत्त भारतीय स्मृति पत्रकारिता एवं शोध संस्थान एवं जिला प्रेस क्लब को धन्यवाद देते हुए कहा कि पत्रकारों के सम्मान के लिए मूर्धन्य पत्रकार बाबा भारतीय की यादों को लम्बे समय से ताजा बनाए रखना प्रशंसनीय कार्य है जो प्रदेश में एक मिसाल है।
समारोह की अध्यक्षता कर रहे सेवानिवृत आईएएस आनंद कुमार शर्मा ने अपने प्रभावी संबोधन में पत्रकारिता का बहुत साफगोई से विश्लेषण किया। बाबा पत्रकारिता के मूल्यों के लिए सदैव सजग रहे। खासकर बाबा के सच्चे शिष्य और अनुयायी रघुवर दयाल गोहिया को धन्यवाद करता हूं, जिन्होंने इस गरिमापूर्ण समारोह में मुझे आमंत्रित किया। प्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार डॉ सुधीर कुमार सक्सेना ने स्वयं को मिले राष्ट्रीय सम्मान के प्रति उत्तर में आयोजक संस्था को धन्यवाद देते हुए पत्रकारिता के प्रारंभिक कालखंड से वर्तमान दौर की पत्रकारिता का साहित्यिक अंदाज में विश्लेषण किया। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता की अवधारणा ऋषि नारद मुनि ने नहीं ऋषि वाल्मीकि ने लिखकर प्रारंभ की है। उन्होंने बाल्मीकि रामायण के पहले संस्कृत श्लोक की विस्तृत विवेचना करते हुए इसे स्पष्ट किया। श्री सक्सेना ने कहा कि पत्रकार को हमेशा अपने दायित्वों का बोध होना चाहिए। श्री भारतीय को याद करते हुए कहा कि सत्तर के दशक में मैंने उन्हें भोपाल में पत्रकारिता से जुड़े देखा। वे निर्भीक, निडर और ईमानदार पत्रकार थे उन्होंने कभी मूल्यों से समझौता नहीं किया। उन्होंने कहा कि मैं प्रणाम करता हूं सीहोर की पवित्र धरती को जहां गुरु शिष्य की इतनी सुंदर परंपरा आज भी कायम है। श्री सक्सेना ने आयोजन के संयोजक रघुवर दयाल गोहिया को इतने अच्छे आयोजन पर बधाई दी।
समारोह को संबोधित करते हुए राजधानी के वरिष्ठ पत्रकार एवं एन डी 24 के संपादक राघवेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि मेरा सौभाग्य है कि मैं वरिष्ठ पत्रकार स्वर्गीय अंबा दत्त भारतीय का शिष्य हूं। उन्होंने कहा कि यह चिंतनीय पहलू है कि आज पत्रकारिता के मूल्यों में विश्वास का संकट है, भीड़ बढ़ी है लेकिन पत्रकारिता का दृष्टिकोण बहुत बदल गया है ।आवश्यकता इस बात की है कि पत्रकार एकजुट होकर समाज को नई दिशा देने के लिए प्रखरता के साथ आगे आएं।
समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित राजधानी भोपाल के वरिष्ठ पत्रकार योगीराज योगेश ने बाबा अंबादत भारतीय की स्मृति में आयोजित इस राष्ट्रीय सम्मान समारोह को एक सच्ची श्रद्धांजलि निरूपित करते हुए कहा कि एक पत्रकार को निधन के लंबे समय तक याद रखे जाना प्रशंसनीय और अनुकरणीय पहल है। इसके लिए उन्होंने रघुवर दयाल गोहिया के कार्य और प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें साधुवाद दिया। स्वर्गीय अंबादत भारतीय स्मृति पत्रकारिता सम्मान इस वर्ष तीन श्रेणियों में प्रदान किए गए। राष्ट्रीय सम्मान भोपाल के वरिष्ठ पत्रकार डॉ सुधीर कुमार सक्सेना को प्रदान किया गया। जबकि प्रदेश स्तरीय पुरस्कार इंदौर के वरिष्ठ पत्रकार कैलाश गौड़ को तथा जिला स्तरीय सम्मान जिले की भेरूंदा निवासी डॉ. पुष्पा शर्मा को प्रदान किया गया। पुरस्कार के अंतर्गत प्रशस्ति पत्र एवं शाल और श्रीफल देकर सम्मानित किया गया। जिले के वरिष्ठ साहित्यकार धर्मराज देशराज ने अपने द्वारा प्रकाशित गजल एवं कविता संग्रह की पुस्तक सम्मानित पत्रकार एवं अतिथियों को भेंट की।

Previous articleमध्यप्रदेश सौर ऊर्जा उत्पादन में अग्रणी बनने की ओर अग्रसर : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
Next articleरॉयल प्रेस क्लब होली मिलन समारोह भव्यता के साथ सम्पन्न हुआ