मुरादाबाद (आरएनएस)। उत्तर प्रदेश पुलिस की आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) को बड़ी सफलता मिली है। एटीएस ने आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिदीन के एक फरार और सक्रिय सदस्य उल्फत हुसैन उर्फ मोहम्मद सैफुल इस्लाम उर्फ अफजाल उर्फ हुसैन मलिक को मुरादाबाद से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आतंकी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था और वह वर्ष 2002 से फरार चल रहा था।एटीएस के अधिकारियों ने बताया कि कश्मीर के पुंछ जिले का रहने वाला उल्फत हुसैन हिजबुल मुजाहिदीन के पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) स्थित प्रशिक्षण शिविर में ट्रेनिंग लेने के बाद मुरादाबाद में एक बड़ी आतंकी घटना को अंजाम देने के लिए आया था। उल्लेखनीय है कि उल्फत हुसैन को पूर्व में 9 जुलाई, 2001 को एके 47, एके 56 व दो पिस्टल, 12 हैंड ग्रेनेड, 50 डेटोनेटर, 29 किलो विस्फोटक और 500 से अधिक कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया था। हालांकि, जमानत पर छूटने के बाद वह फरार हो गया था और लगातार पुलिस को चकमा दे रहा था। मुरादाबाद कोर्ट ने उसके खिलाफ वारंट भी जारी किया हुआ था।कटघर पुलिस ने वर्ष 2001 में आतंकी घटना को अंजाम देने की साजिश रच रहे उल्फत हुसैन को पहली बार गिरफ्तार किया था। उस समय पुलिस ने उसके कब्जे से भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की थी, जिसमें एक-47, एके 56, दो पिस्तौल, हैंड ग्रेनेड और 39 टाइमर विस्फोटक पदार्थ शामिल थे। जेल से रिहा होने के बाद आतंकी फरार हो गया और पिछले 18 वर्षों से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।पुलिस जांच में यह भी पता चला है कि उल्फत हुसैन उर्फ मोहम्मद सैफुल इस्लाम 1999 में हिज्बुल मुजाहिदीन आतंकी संगठन में शामिल हुआ था और पीओके में आतंकी ट्रेनिंग भी ले चुका है। ट्रेनिंग लेने के बाद वह मुरादाबाद पहुंचा और यहां किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में था।
9 जुलाई, 2021 को पुलिस ने उसे दोबारा गिरफ्तार किया था, लेकिन 2007 में उसे जमानत मिल गई। जमानत मिलने के बाद आतंकी मुरादाबाद से भाग निकला। वर्ष 2015 में कोर्ट ने उसके खिलाफ वारंट जारी किया, लेकिन वह पुलिस की पकड़ से बाहर रहा। इसके बाद, पांच मार्च को मुरादाबाद के अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट 14 ने आतंकी के खिलाफ स्थाई वारंट जारी किए और अधिकारियों ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया था।
एटीएस और कटघर पुलिस की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अंतत: उल्फत हुसैन को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की। पुलिस अब उससे पूछताछ कर रही है ताकि उसके आतंकी नेटवर्क और मुरादाबाद में हमले की साजिश के बारे में अधिक जानकारी मिल सके।








