भोपाल(ए.)। गोविंदपुरा थाना इलाके में बीती रात तेज रफ्तार ट्रैक्टर चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए एक एक्टिवा को जोरदार टक्कर मार दी। दो पहिया वाहन चला रहा छात्र अपनी बहन और भांजी को लेकर जा रहा था। हादसे में छात्र ने मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि बहन और भांजी घायल हो गई। जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। थाना पुलिस ने बताया की 23 वर्षीय छात्र सचिन गुप्ता पुत्र बाबूलाल गुप्ता मूल रुप से यूपी का रहने वाला था। कुछ दिन पहले ही सचिन अवधपुरी में रहने वाली अपनी बहन से मिलने के लिये आया था। बीती रात निजी काम के चलते वह अपनी बहन और भांजी को एक्टिवा से गया था। रास्ते में महात्मा गांधी स्कूल, भेल के सामने से गुजरते समय उनके वाहन को सामने आ रहे अज्ञात ट्रैक्टर ने जोरदार टक्कर मार दी। अचानक हुए हादसे में सचिन को घातक चोटें आई थी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। एक्सीडेंट में उसकी बहन और भांजी गंभीर रूप से घायल हो गई। लोगो से मिली सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में उपचार के थोड़ी देर बाद भांजी को छुट्टी दे दी गई। वहीं बहन की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए हमीदिया अस्पताल भेज दिया। पुलिस टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की जानकारी जुटा रही है।








