कलेक्टर कार्यालय और जिला अस्पताल की कैंटीन में हो रहे घरेलू गैस सिलेंडर के उपयोग के विरोध में सौंपा ज्ञापन

Join Us

कलेक्टर कार्यालय में खाद्य विभाग की नाक के नीचे ऐसा होना आश्चर्यजनक और दुर्भाग्यपूर्ण
कलेक्टर कार्यालय में नियम विरुद्ध कार्य होने से खराब हो रही सीहोर जिले की छवि
जिला खाद्य अधिकारी और सिविल सर्जन को निलंबित कर दोनों कैंटीन संचालकों पर मामला दर्ज हो – पंकज शर्मा
सीहोर । सीहोर जिले का खाद्य विभाग अजब-गजब है, इसको गरीब लोगों के छोटे होटलों, दुकानों में चल रहे घरेलू गैस सिलेंडर तो दिखाई देते हैं लेकिन कलेक्टर कार्यालय में खाद्य विभाग के कार्यालय के नाक के नीचे चल रही कैंटीन में खुलेआम नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए उपयोग किए जा रहे सिलेंडर के साथ ही शासकीय अस्पताल की अवैध कैंटीन में उपयोग किए जा रहे घरेलू गैस सिलेंडर दिखाई नहीं दे रहे हैं, जो कि आश्चर्यजनक और दुर्भाग्यपूर्ण है, उसमें भी दुःख की बात तो ये है कि कलेक्टर कार्यालय की कैंटीन में तो एक नहीं बल्कि 2 घरेलू गैस सिलेंडर अवैध रूप से उपयोग किए जा रहे हैं । इसे लेकर जिला कांग्रेस के पूर्व महासचिव पंकज शर्मा ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर उक्त दोनों कैंटीन संचालकों पर मामला दर्ज करने के साथ ही जिला खाद्य अधिकारी और सिविल सर्जन पर निलंबन की कार्यवाही की मांग करते हुए कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी के नाम संबोधित एक ज्ञापन संयुक्त कलेक्टर आनंद राजावत को सौंपा । ज्ञापन के माध्यम से पंकज शर्मा ने कहा है  कि सीहोर जिला खाद्य विभाग द्वारा पिछले दिनों विभिन्न होटलों, ढाबों, चाय की दुकानों आदि पर छापामार कार्रवाई कर बड़ी संख्या में घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए थे लेकिन जहां खाद्य विभाग का कार्यालय है उसी भवन में जो कि कलेक्टर कार्यालय है वहीं पर संचालित कैंटीन के साथ ही जिला अस्पताल में संचालित अवैध कैंटीन में भी कैंटीन संचालकों द्वारा घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग किया जा रहा है और सीहोर जिला खाद्य विभाग का इस ओर ध्यान ना दिया जाना आश्चर्यजनक और दुर्भाग्यपूर्ण है । पंकज शर्मा ने कहा कि कलेक्टर कार्यालय में संचालित कैंटीन संचालकों के हौसले तो इतने बुलंद हैं कि यहां वो 2 घरेलू गैस सिलेंडर का खुलेआम उपयोग कर नियमों की सरेआम धज्जियां उड़ा रहा है और कलेक्टर कार्यालय में दिनदहाड़े खाद्य विभाग के कार्यालय की नाक के नीचे ऐसा अवैध काम होने से ना केवल कलेक्टर कार्यालय की बल्कि पूरे सीहोर जिले की छवि ही खराब हो रही है, जिसे सही करने हेतु अब सख्त कदम उठाए जाने की आवश्यकता है । पंकज शर्मा ने कहा कि इसमें भी जिला अस्पताल में संचालित कैंटीन तो पूरी तरह अवैध है और बिना अनुमति के संचालित की जा रही है लेकिन फिर भी सिविल सर्जन सहित किसी भी जिम्मेदार का इस ओर ध्यान ना दिया जाना भी कई गंभीर सवालों को जन्म देता है जिनके जवाब मिलना आवश्यक हैं । पंकज शर्मा ने इन दोनों ही मामलों में सूक्ष्मता से जांच कर दोनों कैंटीन संचालकों पर मामला दर्ज कर जिला खाद्य अधिकारी और सिविल सर्जन को तत्काल निलंबित किए जाने की मांग जिला कलेक्टर से की है ।

Previous articleइछावर विधानसभा स्तरीय बसपा की बैठक सम्पन्न
Next articleमुख्यमंत्री डॉ. यादव ने संत श्रद्धानंद सरस्वती की जयंती और कस्तूरबा गांधी की पुण्यतिथि पर किया नमन