नई दिल्ली,(ए.)। दिल्ली में आज से रेखा सरकार का आगाज हो चुका है। रेखा गुप्ता (50वर्ष) ने गुरुवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। रामलीला मैदान में आयोजित भव्य समारोह में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इस मौके पर गृहमंत्री अमित शाह समेत बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और एनडीए के वरिष्ठ नेता एवं अनेक राज्यों के मुख्यमंत्री व उप मुख्यमंत्री मौजूद रहे।गौरतलब है कि रेखा गुप्ता दिल्ली की 9वीं और चौथी महिला मुख्यमंत्री बनी हैं। उनसे पहले सुषमा स्वराज, शीला दीक्षित और आतिशी इस पद पर रह चुकी हैं। बीजेपी ने 27 साल बाद दिल्ली की सत्ता में वापसी की है, जिससे यह पार्टी के लिए एक ऐतिहासिक अवसर बन गया।
कैबिनेट मंत्रियों ने भी ली शपथ
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के साथ उनकी कैबिनेट के अन्य मंत्रियों ने भी शपथ ग्रहण की है। मंत्री पद की शपथ ग्रहण करने वालों में प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंद्र इंद्राज, कपिल मिश्रा और पंकज सिंह के नाम शामिल हैं।यहां बताते चलें कि रेखा गुप्ता ने शालीमार बाग विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी की बंदना कुमारी को 29,000 से अधिक वोटों से हराकर जीत दर्ज की थी। वहीं, प्रवेश वर्मा ने नई दिल्ली विधानसभा सीट से अरविंद केजरीवाल को हराया।इस शपथ ग्रहण समारोह के साथ बीजेपी ने दिल्ली की राजनीति में एक नई शुरुआत की है। अब सबकी नजरें रेखा गुप्ता और उनकी सरकार के आने वाले फैसलों पर टिकी हैं।
विभागों का हुआ बंटवारा प्रवेश वर्मा समेत अन्य को मिली ये जिम्मेदारियां
नई दिल्ली (ए.)। दिल्ली सचिवालय स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय में गुरुवार को सीएम रेखा गुप्ता ने पदभार ग्रहण कर लिया। पदभार ग्रहण करने के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मीडिया से बातचीत में कई बातों का जिक्र किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जो मिशन ‘विकसित दिल्ली’ का है, उसे पूरा करने के लिए लगातार काम किया जाएगा। एक भी दिन व्यर्थ नहीं होगा। एक-एक वादे पूरे किए जाएंगे। वहीं, दिल्ली में सरकार गठन और कैबिनेट की शपथ के बाद अब विभागों का भी बंटवारा हो गया है।दिल्ली की नई मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने पास वित्त विभाग और विजिलेंस रखा है। प्रवेश वर्मा को परिवहन और पीडब्ल्यूडी की जिम्मेदारी दी गई है। मनजिंदर सिंह सिरसा को स्वास्थ्य विभाग दिया गया है। कपिल मिश्रा को जल, पर्यटन, आर्ट एंड कल्चर विभाग सौंपा गया है।
रेखा गुप्ता (मुख्यमंत्री) : गृह, वित्त, सेवा, सतर्कता, योजना
प्रवेश वर्मा (उपमुख्यमंत्री) : शिक्षा, पीडब्ल्यूडी, परिवहन
मनजिंदर सिंह सिरसा : स्वास्थ्य, शहरी विकास, उद्योग
रवींद्र कुमार इंद्राज : समाज कल्याण, एससी/एसटी मामले, श्रम
कपिल मिश्रा : जल, पर्यटन, संस्कृति
आशीष सूद : राजस्व, पर्यावरण, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति
पंकज कुमार सिंह : कानून, विधायी मामले, आवास।








