फरीदाबाद(आरएनएस)। फरीदाबाद में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां, एक 14 वर्षीय लडक़े ने अपने पिता को कमरे में बंद कर आग के हवाले कर दिया और खुद छत से कूदकर मौके से फरार हो गया। हालांकि, बाद में पुलिस ने लडक़े को हिरासत में ले लिया और मामले में आगे की जांच जारी है।
यह मामला फरीदाबाद के नवीन नगर का है। दरअसल, पिता ने लडक़े को पैसे चुराने और पढ़ाई पर ध्यान न देने के लिए फटकार लगाई थी। इसके बाद लडक़े ने जो किया वो जानकर आपकी भी रूह कांप जाएगी। पिता के डांटने पर लडक़े ने उन्हें कमरे में बंद कर दिया और फिर कमरे को आग लगा दिया। इस घटना में 55 वर्षीय आलम अंसारी की मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि, आस पड़ोस के लोगों को जैसे ही पता चला कि घर में आग लग गई है तो उन्होंने मौके पर पहुंच कर अंसारी को बचाने की बहुत कोशिश की लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। इसके बाद बच्चा छत से कूदकर भाग गया। हालांकि, पुलिस ने उसे पकड़ लिया है और कार्रवाई की जा रही है।








