स्कूल में 8 वर्षीय बच्ची की हार्ट अटैक से मौत, सीने में दर्द हुआ, कुर्सी पर बैठते ही गिर पड़ी

Join Us

अहमदाबाद (आरएनएस)। अहमदाबाद के एक निजी स्कूल में एक दुखद घटना में 8 वर्षीय बच्ची की कार्डिएक अरेस्ट से मौत हो गई। गार्गी राणपरा नामक यह बच्ची सुबह करीब 8 बजे स्कूल पहुंची थी। जानकारी के अनुसार, गार्गी जब सीढिय़ां चढ़ रही थी, तभी अचानक उसके सीने में दर्द उठा। दर्द के बाद वह स्कूल की लॉबी में एक बेंच पर बैठ गई और कुछ ही सेकंड में जमीन पर गिर पड़ी। थलतेज इलाके में स्थित स्कूल के कर्मचारियों ने तुरंत उसे नजदीकी जायडस अस्पताल पहुंचाया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में बच्ची की मौत का कारण कार्डिएक अरेस्ट बताया गया है। स्कूल की प्रिंसिपल शर्मिष्ठा सिन्हा ने बताया कि घटना के बाद स्कूल स्टाफ ने तुरंत 108 एंबुलेंस को बुलाया, लेकिन एंबुलेंस के आने में देरी होने के कारण बच्ची को स्कूल की गाड़ी से ही जायडस अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। गार्गी के माता-पिता मुंबई में रहते हैं और वह अहमदाबाद में अपने दादा-दादी के साथ रहती थी। इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस स्कूल पहुंची और सीसीटीवी फुटेज की जांच की। क्राइम ब्रांच की टीम ने भी स्कूल का निरीक्षण किया है। स्कूल प्रशासन के अनुसार, गार्गी पूरी तरह स्वस्थ थी। जायडस अस्पताल के डॉक्टरों ने भी कार्डिएक अरेस्ट की आशंका जताई है, लेकिन मौत का सही कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा। इस घटना से स्कूल और बच्ची के परिवार में शोक की लहर है।

 

Previous articleकिसी भी विवादित ढांचे को मस्जिद बोलने से बचें, ये इस्लाम के सिद्धांतों के खिलाफ : सीएम योगी
Next articleआचार्य पंडित स्वर्गीय चंद्र किशोर व्यास जी की पुण्यतिथि पर हुआ काव्य गोष्ठी एवं सम्मान समारोह का आयोजन