नई दिल्ली (ए.)। दिल्ली हवाई अड्डा के संचालक डायल (दिल्ली इंटरनेशन एयरपोर्ट लिमिटेड) ने शुक्रवार को कहा कि चार दशक पुराना टर्मिनल 2 (टी2) नवीनीकरण कार्यों के लिए अगले वित्त वर्ष में चार से छह महीने तक बंद रहेगा। इसके पुनरोद्धार का कार्य सितंबर तिमाही में पूरा होने की उम्मीद है। राष्ट्रीय राजधानी स्थित इंदिरा गांधी अंतराष्ट्रीय हवाई अड्डा (आईजीआईए), देश का सबसे व्यस्त हवाई अड्डा भी है।
इसके तीन टर्मिनल हैं- टी1, टी2 और टी3। वर्तमान में, टी1 और टी2 का उपयोग केवल घरेलू उड़ानों के लिए किया जाता है। दिल्ली अंतराष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड (डीआईएएल) ने एक विज्ञप्ति में कहा कि टी2 का नवीनीकरण कार्य 2025-26 में शुरू होगा और वित्त वर्ष 26 की दूसरी तिमाही में पूरा होने की उम्मीद है।
वित्तीय वर्ष 1 अप्रैल 2025 से शुरू होगा। डायल के अनुसार, “इन सुधारों को पूरा करने के लिए टर्मिनल 2 को लगभग 4 से 6 महीने के लिए अस्थायी रूप से बंद रखा जाएगा।”








