दौसा (आरएनएस)। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर गुरुवार सुबह घने कोहरे के कारण नांगल राजावतान थाना क्षेत्र के लाडली का बास के पास पिलर नंबर 198 पर भीषण सडक़ हादसा हुआ। उज्जैन से महाकाल के दर्शन कर दिल्ली लौट रहे यात्रियों से भरी बस ने आगे चल रहे ट्रोले को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 20 लोग घायल हो गए, जिनमें से 12 की हालत गंभीर है। हादसा सुबह करीब 5.30 बजे हुआ। बस में 36 यात्री सवार थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस की केबिन पूरी तरह चकनाचूर हो गई। बस के पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने भी बस को टक्कर मार दी, जिससे बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंच गया। घायलों को तुरंत दौसा के जिला अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद 12 गंभीर रूप से घायलों को जयपुर रेफर कर दिया गया। घने कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम थी, जो इस हादसे का प्रमुख कारण माना जा रहा है।
हादसे की सूचना पर दौसा डीएसपी चारुल गुप्ता भी मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्यों का जायजा लिया। पुलिस ने मौके से क्षतिग्रस्त बस और ट्रक को हटाकर यातायात बहाल किया। इस दौरान पुलिस ने घायलों के परिजनों को सूचना देकर उनकी मदद सुनिश्चित की। घटना के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कई यात्री गंभीर चोटों के कारण बस के भीतर ही फंसे रहे, जिन्हें बड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। स्थानीय लोगों ने भी राहत कार्य में मदद की।
प्रशासन ने कोहरे के दौरान सडक़ पर विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। पुलिस ने ट्रक और बस चालक के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस हादसे ने कोहरे में तेज गति से वाहन चलाने के खतरों को एक बार फिर उजागर कर दिया है। घटना ने यात्रियों की सुरक्षा और सडक़ पर सतर्कता की आवश्यकता को रेखांकित किया है। प्रशासन ने घने कोहरे के दौरान वाहन चालकों को धीमी गति और सावधानी से वाहन चलाने की सलाह दी है।
00








