स्कूल शिक्षा मंत्री श्री सिंह ने 68वीं राष्ट्रीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का किया शुभारंभ

Join Us

 35 प्रदेशों के प्रतिभागी हुए शामिल

भोपाल (आरएनएस) स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने गुरूवार को शासकीय सुभाष उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भोपाल में आयोजित 68वीं राष्ट्रीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। यह प्रतियोगिता स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया एवं लोक शिक्षण संचालनालय के संयुक्त तत्वाधान में 2 जनवरी से 7 जनवरी तक आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता में 35 प्रदेशों के लगभग 1391 छात्र हॉकी एवं शूटिंग खेलों में भाग लेंगे।मंत्री श्री सिंह ने प्रतिभागियों, उनके पालकों एवं प्रशिक्षकों का मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में स्वागत करते हुए कहा कि यह आयोजन भारत की विविधता को दर्शाता है। विभिन्न भाषाओं, संस्कृतियों, पहनावे एवं धार्मिक मान्यताओं का संगम हुआ है। श्री सिंह ने कहा कि खेल में जीत महत्वपूर्ण है, लेकिन पराजय के बाद पूरी तैयारी और नई चुनौती के साथ आगे बढऩा ही असली खेल भावना है। उन्होंने कहा कि विजेता को बधाई मिलनी चाहिए, लेकिन हारने वाले भी अगली बार के लिए मेहनत करें तो जीत सुनिश्चित होगी। मंत्री श्री सिंह ने कहा कि भोपाल को हॉकी की राजधानी कहा जाना उचित होगा क्योकि यहां से कई खिलाडिय़ों ने राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व किया है।
हॉकी ने सबसे अधिक गोल्ड मेडल दिलाने में योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में शुरू हुए फिट इंडिया मूवमेंट के बाद देश में खेल क्रांति आई है। ओलंपिक, वल्र्ड गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स और एशियन गेम्स में भारत का प्रदर्शन बेहतर हुआ है। मंत्री श्री सिंह ने युवा प्रतिभाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि छोटे आयोजनों से बड़े खिलाड़ी निकलते हैं, जैसे हाल ही में मनु भाकर ने विश्व स्तर पर भारत का नाम रोशन किया।

Previous articleराज्यमंत्री श्रीमती बागरी ने ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग महादेव के दर्शन कर जलाभिषेक किया
Next articleवर्तमान में प्रदेश की कुल रिकार्ड विद्युत उत्पादन क्षमता के साथ आगे बढ़ता मध्यप्रदेश