टीकमगढ़ ,(आरएनएस)। टीकमगढ़ जिले के अधिकारी कर्मचारियों ने शुक्रवार को अपनी मांगों को लेकर दफ्तरों में तालाबंदी कर दी। अधिकारी कर्मचारी कलेक्ट्रेट के समान सामने धरना देकर बैठ गए। इस दौरान कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन बहाली सहित अन्य मांगों को पूरा करने की मांग की।
मप्र अधिकारी कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के प्रांतीय आह्वान पर आज अधिकारी कर्मचारी सामूहिक अवकाश पर चले गए। लिपिक वर्गीय कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष जेके जैन और मप्र राज्य कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष विवेक खरे ने बताया कि प्रदेश के अधिकारी कर्मचारियों की विभिन्न मांगे कई वर्षों से लंबित हैं। प्रदेश सरकार को कई बार ज्ञापन देने के बावजूद इनका निराकरण नहीं किया गया है।
इसके चलते संयुक्त मोर्चा ने तीन चरणों में आंदोलन का निर्णय लिया था। इसी के तहत तीसरे चरण में आज प्रदेश के समस्त जिलों में अधिकारी कर्मचारी सामूहिक अवकाश पर रहकर विरोध जाता रहे हैं। शाम 5 बजेतक धरना प्रदर्शन के बाद 39 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपेंगे।
10 सितंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी
संयुक्त मोर्चा के संरक्षक रामगोपाल शर्मा ने बताया कि शाम 5 बजे मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन जिला प्रशासन के माध्यम से दिया जाएगा। उसके बाद भी यदि सरकार हमारी मांगों पर विचार नहीं करती है तो 10 सितंबर को प्रदेश के समस्त कर्मचारी भोपाल में एकत्रित होकर अनिश्चितकालीन आंदोलन प्रारंभ करेंगे।
इनकी रही उपस्थिति
धरना प्रदर्शन में संयुक्त मोर्चा के संरक्षक राम गोपाल शर्मा, जिला अध्यक्ष मधुकर उपाध्याय, मनोज अहिरवार अध्यक्ष अजाक्स, राघवेंद्र सिंह राजपूत अध्यक्ष पेंशनर्स एसोसिएशन, गौरी शंकर नामदेव अध्यक्ष लघु वेतन कर्मचारी संघ, प्रदीप कुमार चतुर्वेदी अध्यक्ष आयुष कर्मचारी संघ, आरबी शर्मा अध्यक्ष तृतीय श्रेणी कर्मचारी संघ, ओपी शर्मा अध्यक्ष वाहन चालक संघ सहित संयुक्त मोर्चा से जुड़े हुए समस्त कर्मचारी संगठन शामिल हैं।