भोपाल (आरएनएस)। राजधानी भोपाल में स्थित नूर महल में दिनदहाडे घर में घुसकर लूट का मामला सामने आया है। वारदात को बुरके में आई महिला ने अंजाम दिया है। पीडि़ता की आंखों में मिर्च झोंकी गई थी। चीख न सके इसके लिए मुह में भी मिर्च भर दी गई। फर्श पर गिराने के बाद आरोपी महिला ने पीडि़ता के हाथ में पहने सोने के दो कड़े और एक अंगूठी छीन ली। महज ढाई मिनट में वारदात को अंजाम देकर आरोपी महिला फरार हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शाहजहानाबाद थाना प्रभारी यूपीएस चौहान ने बताया कि रिजवाना हुसैन पत्नी अथहर हुसैन (63) अली अपार्टमैंट नूर महल में रहती हैं। उनके पति सिल्वर लाइन हॉस्पिटल में मैनेजर हैं। गुरुवार की दोपहर महिला घर में अकेली थीं। उनका इकलौता बेटा भी जॉब पर गया हुआ था। तभी किसी ने फ्लैट की डोर बेल को बजाया। महिला द्वारा गेट खोलते ही आरोपी महिला घर में घुस आई। उसने पीडि़ता के आंख में मिर्च झोंक दी। मिर्च महिला मुँह में भी चली गई। इससे वह शोर नहीं मचा सकीं। इसके बाद आरोपी महिला ने डरा धमकाकर महिला के जेवरात लेकर फरार हो गई। जेवरात कितनी कीमत के थे और कितने थे इसका फिलहाल खुलासा नहीं हुआ है। मामले की जांच कर रहे हैं, इसके बाद आगे कार्रवाई करेंगे।
रिजवाना के पति अथहर हुसैन ने बताया कि पत्नी दोपहर के समय में आम तौर पर अकेले ही घर में रहती हैं। गुरुवार की दोपहर 12:48 बजे उनके दूसरी मंजिल स्थित फ्लैट की डोर बेल को किसी ने बजाया। पत्नी ने गेट खोला तो सामने महिला खड़ी थी। उसने तत्काल पत्नी की आंख में मिर्च झोंक दी। शोर न कर सके इस कारण महिला ने पत्नी के मुह में भी मिर्च जबरन ठूंस दी।
इसके बाद आरोपी महिला ने पत्नी के हाथ में पहने दो कंगन और एक सोने की अंगूठी उतार ली। विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी। महज ढाई मिनट के भीतर वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी महिला 12:51 के आस पास लौट गई।
आरोपी महिला घर में दाखिल होते समय बुरका पहने हुए थी। लौटते समय उसने बुरका उतार लिया था। महिला पहले से हाथ में एक पालिथीन लेकर आई थी। आरोपी महिला के अपार्टमैंट में सीसीटीवी कैमरों में फुटेज कैद हुए हैं। घटना के तत्काल बाद पत्नी ने मुझे कॉल कर जानकारी दी। हुलिया के आधार पर पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।