
भोपाल (आरएनएस)। मध्य प्रदेश में मानसून का दौर फिर शुरू हो गया है। प्रदेश के कई हिस्सों में आज भी बारिश होने की संभावना है। राजधानी भोपाल में आज सुबह से घने काले बादल छाए हुए है। इसके साथ ही भोपाल में कोहरा देखने को मिला है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में तेज और मध्यम बारिश होने का येलो अलर्ट जारी किया है।मौसम विभाग के नए पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश के राजगढ़, आगर, मंदसौर, नीमच, गुना, सिवनी, पन्ना व छतरपुर जिले में मध्यम से भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके साथ ही विदिशा, रायसेन, सीहोर, भोपाल, अशोकनगर, डिंडोरी, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर में भी बारिश होने की संभावना है। एक बार फिर मानसून के एक्टिव होने से प्रदेश का तापमान कम हुआ है। रविवार के मुकाबले आज चार डिग्री तापमान में गिरावट हुई है। मौसम विभाग ने शहडोल, रीवा, जबलपुर व सागर संभागों के जिलों और उज्जैन, रतलाम, देवास, शाजापुर, आगर जिलों में बारिश की संभावना जताई है।