सीहोर। पिछले कई दिनों से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर मध्यप्रदेश पटवारी संघ के आह्वान पर करीब जिले के 305 पटवारी हड़ताल पर है, गुरुवार को जिले के आष्टा ब्लाक में तिरंगा यात्रा निकालकर विरोध प्रदर्शन किया गया, अब जिले के सभी पटवारी सलकनपुर में चुनरी यात्रा निकालकर देवी मां को समर्पित करेंगे।
इस संबंध में जिला पटवारी संघ के जिलाध्यक्ष संजय राठौर ने बताया कि विगत 28 अगस्त से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल जारी है। शासन और सरकार द्वारा हमारी मांगों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है, इसलिए शुक्रवार को देवी माता को अपनी मांगों को लेकर विधि-विधान से पूजा अर्चना कर भव्य चुनरी समर्पित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश में 19 हजार पटवारी सेवारत है। पटवारियों को वर्ष 1998 में निर्धारित किए वेतनमान के अनुसार वर्तमान वर्ष 2023 में वेतन दिया जा रहा है। 25 वर्षों में प्रदेश के पटवारियों के वेतनमान में कोई वृद्धि नहीं की गई। जबकि पटवारियों में पूरे सेवाकाल के कार्य होने वाले राजस्व विभाग एवं उनकी पदस्थापना भू अभिलेख विभाग के सभी पदोन्नत पदों के वेतनमान में कई बार वृद्धि की गई। पटवारी वेतनमान ग्रेड पे 2800 करने मुख्यमंत्री ने 2007 में पटवारी महाधिवेशन में घोषणा की थी। इसके बाद ग्रेड पे 2800 किए जाने का लिखित आश्वासन दिया था। इस घोषणा का पूरा होने का इंतजार आज भी है। समान कार्य समान वेतन को लागू करने के लिए पटवारी को राजस्व निरीक्षक के समान पे ग्रेड देने सहित अन्य मांगे हैं जो आज तक पूरी नहीं हुई।